संवाद न्यूज एजेंसी
यमकेश्वर। जुलेड़ी पंचायत में बीते 6 माह में समाज कल्याण विभाग से 15 लोगों की पेंशन लग गई है। पेंशन लगने से ग्रामीणों में खुशी की लहर है। ये लोग पिछले 5 वर्षों से पेंशन लगने का इंतजार कर रहे थे।
ग्राम प्रधान जुलेड़ी रजनी देवी ने बताया कि प्राथमिकताओं के आधार पर पेंशन प्रक्रिया पूरी कराई गई। इसमें 5 विधवा पेंशन और 10 वृद्धावस्था पेंशन स्वीकृत हुई हैं। समाज कल्याण विभाग की पेंशन का लाभ लेने के लिए ग्राम पंचायत की खुली बैठक का प्रस्ताव एवं आय प्रमाणपत्र होना जरूरी है। 60 वर्ष पूर्ण होने पर वृद्धा पेंशन लगती है। जबकि पति की मृत्यु होने पर पत्नी पेंशन की हकदार हो जाती है। जुलेड़ी पंचायत में कई वृद्ध ऐसे हैं जिनकी 65 वर्ष आयु होने पर अब पेंशन की पहली किस्त मिली है।
जुलेड़ी पंचायत में 22 दिसंबर को बहुउद्देशीय शिविर के दौरान इन सभी लोगों ने दस्तावेज तैयार करवाए थे। दस्तावेज तैयार होते ही पेंशन की प्रक्रिया शुरू की गई। जुलेड़ी पंचायत की सुमित्रा देवी, सुलोचना देवी, अनीता देवी, सुरेशी देवी, उषा देवी की विधवा पेंशन लगी है। वहीं गिन्नी देवी, कोमल सिंह, साधना देवी, शांति देवी, सोहनलाल, रमेश चंद्र, दर्शन लाल, रमेश चंद्र, सुखवीर सिंह, बलवंत सिंह की वृद्धावस्था पेंशन स्वीकृत हुई है।