उधार दी हुई रकम वापस मांगने पर धमकी देने और धनराशि हड़पने के आरोप में पुलिस ने पिता, पुत्र और पुत्री के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस का कहना है कि मामले में जांच की जा रही है।
दीपक डोभाल निवासी ग्राम कुलणा अठूरवाला ने इस संबंध में पुलिस में शिकायत दी थी। डोभाल ने पुलिस को बताया था कि कोरोना काल में उन्होंने अपनी पहचान के छोटे विश्वास निवासी अठूरवाला को आर्थिक तंगी होने पर भवन निर्माण सामग्री खरीदने के लिए 17.60 लाख रुपये दिए थे। छोटे के अलावा उनके पुत्र पंकज और पुत्री ज्योति का भी घर आना जाना था। 2023 से वह पैसे वापस मांग रहे है। एक लाख का एक चेक बाउंस होने पर छोटे ने उन्हें दो लाख वापस दिए। बाद में समझौता हुआ कि वह सितंबर 2023 तक रकम लौटा देगा। तमाम प्रयासों के बाद उसने सात लाख वापस किए। अब 8.60 लाख की रकम वापस देने में आनाकानी कर रहा है। बिना बताए दूसरे स्थान पर रहने चले गए। अब छोटे उनका फोन भी नहीं उठा रहा है। प्रभारी निरीक्षक केके लुंठी ने बताया कि शिकायत पर पिता, पुत्र और पुत्री के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है।