यमकेश्वर। गुरु गोरखनाथ राजकीय महाविद्यालय बिथ्याणी में छात्रसंघ चुनाव इस बार रोचक हो गया है। महाविद्यालय में पहली बार उत्तराखंड स्टूडेंट फेडरेशन ने अपने उम्मीदवार चुनाव मैदान में उतारे हैं।
बृहस्पतिवार को नामांकन प्रक्रिया संपन्न हुई। उपाध्यक्ष, सचिव, सह सचिव व कोषाध्यक्ष पद पर एबीवीपी ने ही नामांकन कराया है। ऐसे में इन पदों पर एबीवीपी के प्रत्याशियों का निर्विरोध जीतना तय है। वहीं, अध्यक्ष और विश्वविद्यालय प्रतिनिधि पदों पर एबीवीपी और यूएसएफ के बीच सीधी टक्कर होगी। एबीवीपी लंबे समय से कॉलेज में चुनाव की तैयारियों में जुटी थी, संगठन ने पहले से ही अपना पैनल तैयार किया था। वहीं यूएसएफ कुछ दिन पहले ही कॉलेज में सक्रिय हुई है और पहली बार में ही उसने दो बड़े पदों पर दावेदारी पेश कर चुनाव को रोचक बना दिया है। एनएसयूआई ने किसी भी पद पर प्रत्याशी नहीं उतारे हैं।