I
Iसमापन पर पांडवाज ग्रुप देंगे विशेष सांस्कृतिक प्रस्तुतिI
स्वामी राम हिमालयन विश्वविद्यालय (एसआरएचयू) जौलीग्रांट के 11 वर्ष पूरे होने पर 11 से 13 मार्च तक तीन दिवसीय हिमोत्सव-2024 का आयोजन किया जा रहा है। जिसमें सांस्कृतिक कार्यक्रमों की धूम रहेगी।
स्वामी राम हिमालयन विश्वविद्यालय (एसआरएचयू) के कुलपति डॉ. राजेंद्र डोभाल ने कहा कि 12 मार्च 2013 को स्वामी राम हिमालयन विश्वविद्यालय (एसआरएचयू) जौलीग्रांट की स्थापना की गई। एसआरएचयू के तीन दिवसीय स्थापना दिवस समारोह हिमोत्सव-2024 का सोमवार 11 मार्च शाम छह बजे से आगाज होगा। समारोह को भव्य बनाने के लिए तैयारियों को अंतिम रूप देने के लिए डॉ. मीना हर्ष की अगुवाई में कमेटी का गठन किया गया है। जिसमें विश्वविद्यालय के सभी कॉलेजों के फैकल्टी सदस्य शामिल हैं।
12 मार्च को सुबह 11 बजे विश्वविद्यालय के आदिकैलाश सभागार में सम्मान समारोह आयोजित किया जाएगा। इसमें करीब 150 छात्र-छात्राओं को एकेडमिक अवॉर्ड, डिप्लोमा, श्रीमद्भागवत गीता पर आधारित तृतीय वैल्यू एजुकेशन, लिटरेरी अवॉर्ड सहित स्पोर्ट्स अवॉर्ड देकर छात्रों को सम्मानित किया जाएगा। 12 मार्च की शाम को भी छात्र-छात्राओं सहित फैकल्टी व कर्मचारी सांस्कृतिक कार्यक्रम की प्रस्तुति देंगे। 13 मार्च को उत्तराखंड के प्रसिद्ध लोक संगीत बैंड पांडवाज ग्रुप लाइव कॉन्सर्ट की लोक सांस्कृतिक प्रस्तुति के साथ हिमोत्सव-2024 का समापन होगा।