एसडीएम को ज्ञापन सौंपते भाजपा कार्यकर्ता।
- फोटो : RISHIKESH
भारतीय जनता पार्टी ने नगर क्षेत्र की कानून व्यवस्था को दुरुस्त करने की उपजिलाधिकारी से मांग की है। नगर क्षेत्र में आए दिन हो रही आपराधिक घटनाओं से लोगों में भय का माहौल बना हुआ है।
शुक्रवार को भाजपा की पूर्व प्रदेश उपाध्यक्ष सरोज डिमरी के नेतृत्व कार्यकर्ता उपजिलाधिकारी कार्यालय में एकत्रित हुए। इस मौके पर उन्होंने उपजिलाधिकारी प्रेमलाल को ज्ञापन सौंपा। प्रेषित ज्ञापन में उन्होंने बताया कि विगत 17 जुलाई को दिन दहाड़े जनार्दन आश्रम दंडी बाड़ा में जानलेवा हमला किया गया। इसके बाद शहर के बीचों-बीच महिलाओं के गले से चेन पर झपटकर बदमाश फरार हो गए। इसका पुलिस अभी तक सुराग नहीं लगा पाई है। उन्होंने बताया कि शहर में खुलेआम हो रही आपराधिक घटनाओं से लोगों में भय का माहौल बना हुआ है। बदमाशों को पुलिस का खौफ नहीं है। इससे उनके हौसले बुलंद हैं। इस अवसर पर पार्षद रीना शर्मा, भूपेंद्र राणा, मयंक कौशिक, गंगा राम, पंडित वेद प्रकाश शर्मा, मूंगा देवी आदि मौजूद रहीं।
महिलाओं का घर से निकलना हुआ दूभर
ऋषिकेश। प्रतिनिधिमंडल ने एसडीएम प्रेमलाल से कहा कि आपराधिक घटनाओं से महिलाओं का घर से निकलना तक दूभर हो गया है। हालत यह हो गई है कि महिलाएं या तो जेवर उतार कर जरूरी कार्यों से बाहर आ रही हैं या फिर घर से निकलना ही बंद कर दिया है। महिलाएं मौजूदा माहौल में मान बैठी हैं कि उनका घर से बाहर निकलना खतरे से खाली नहीं है। कब और कहां पर उनके गले की चेन व कानों के कुंडल झपट लिए जाएं, इसकी कोई गारंटी नहीं है। कहा कि शांत तीर्थनगरी में अराजक तत्वों ने अशांति फैला रखी है।