शहर में पुराना टिहरी बस अड्डा के पास एक मानसिक विक्षिप्त युवक ने एक बुजुर्ग सहित उसके दो बेटों पर ब्लेड से हमला कर घायल कर दिया। कोतवाली पुलिस ने इस मामले में कार्रवाई की बात कही है।
बीते रविवार की रात को पुराना टिहरी बस अड्डा के पास मुख्य मार्ग पर सड़क के किनारे ठेली लगाकर चाय बेचने वाले 60 वर्षीय बुजुर्ग पवन निवासी गली नंबर 29 शिवाजी नगर ऋषिकेश पर एक मानसिक विक्षिप्त युवक ने ब्लेड से हमला कर दिया। दुकान पर मौजूद बुजुर्ग के बेटे सुनील (30) और राहुल (25) ने अपने पिता को बचाने का प्रयास किया।
लेकिन मानसिक विक्षिप्त युवक बुजुर्ग के बेटों पर भी ब्लेड से हमला कर दिया। बुजुर्ग सहित उनके बेटों को चिकित्सालय ले जाया गया। जहां बुजुर्ग के चेहरे पर 27 टांके आए हैं। साथ ही दोनों बेटों को भी गंभीर चोटे आई हैं। कोतवाली प्रभारी निरीक्षक केआर पांडेय ने बताया कि पुलिस को कोई लिखित शिकायत नहीं मिली है। लेकिन घटना संज्ञान में है। इसके लिए न्यायालय से आदेश प्राप्त कर उक्त युवक को मानसिक चिकित्सालय भेजने की व्यवस्था की जाएगी।