गुरु नानक देव के 550 वें प्रकाशोत्सव पर नगर शोभायात्रा में शामिल पंज प्यारे।
- फोटो : RISHIKESH
श्री गुरुनानक देव जी महाराज के 550वें पावन प्रकाश पर्व के मौके पर गुरुद्वारा श्री गुरु सिंह सभा की ओर से नगर क्षेत्र में भव्य शोभायात्रा निकाली गई। इस दौरान कीर्तन का सिलसिला लगातार जारी रहा। शहर में विभिन्न जगहों पर लोगों ने शोभायात्रा का स्वागत किया और आशीर्वाद लिया। शोभायात्रा रेलवे रोड स्थित गुरुनानक निवास से शुरू हुई और लक्ष्मणझूला रोड, चंद्रभागा पुल, झंडा चौक, मुखर्जी मार्ग, हरिद्वार रोड, तिलक रोड से होते हुए गुरुनानक निवास में संपन्न हुई।
इस दौरान विभिन्न राजनीतिक, सामाजिक, धार्मिक और व्यापारिक संगठनों ने फूल वर्षा कर शोभायात्रा का स्वागत किया। शोभायात्रा में गतका पार्टी के करतब विशेष आकर्षण का केंद्र रहे। पंज प्यारों की सेवा के लिए बड़ी संख्या में महिलाओं ने तल्लीनता से सड़कों को साफ किया। गुरुद्वारा श्री गुरु सिंह सभा के प्रधान हाकम सिंह ने बताया कि गुरुनानक देव जी महाराज के 550वें पावन प्रकाश पर्व के मौके पर नगर कीर्तन के साथ शोभयात्रा आयोजित की गई। आगामी 14 नवंबर को गुरुनानक निवास में ही कीर्तन दरबार एवं लंगर आयोजित किया जाएगा। इस मौके पर प्रबंधक कमेटी इंद्रपाल सिंह, परमजीत सिंह, प्रेम सिंह डंग और सैकड़ों की संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।