श्रीदेव सुमन उत्तराखंड विश्वविद्यालय के पीएलएमएस परिसर में अध्ययनरत छात्र-छात्राओं को जल्द ही छात्रावास की कमी से राहत मिल सकती है। परिसर प्रशासन ने कोयल घाटी क्षेत्र में 100 बेड के बालिका छात्रावास के निर्माण की तैयारी शुरू कर दी है। इसके लिए डीपीआर और भवन का डिजाइन तैयार किया जा रहा है। वहीं रेलवे रोड पर स्थित पुरुष छात्रावास की मरम्मत भी कराई जाएगी।
श्रीदेव सुमन विवि के पं. ललित मोहन शर्मा परिसर में वर्तमान में करीब 3500 से अधिक छात्र-छात्राएं अध्ययनरत हैं, जिसमें 65 फीसदी से अधिक छात्राएं हैं लेकिन परिसर में एक भी बालिका छात्रावास नहीं है। कोयल घाटी में एक बालिका छात्रावास तो है, लेकिन उस पर किसी का कब्जा है, जिस संबंध में न्यायालय में वाद भी लंबित है। अब विवि ने यहां 100 बेड के बालिका छात्रावास निर्माण की योजना तैयार की है। डीपीआर और छात्रावास भवन का डिजाइन तैयार किया जा रहा है।
वहीं, रेलवे रोड पर स्थित पुरुष छात्रावास की भी मरम्मत करने के लिए विवि प्रशासन को प्रस्ताव भेजा गया है। करीब दो वर्ष पूर्व विवि प्रशासन ने रेलवे रोड पर अपनी भूमि को कब्जा मुक्त कराने के बाद चहारदीवारी कराई थी, अब इस भूमि पर आवासीय काॅलोनी बनाई जाएगी। इसके लिए शासन स्तर पर लगभग सभी औपचारिकताएं पूर्ण हो गई है। इन सभी निर्माण कार्यों के बाद आवास व छात्रावास की कमी दूर हो जाएगी।
-
- बालिका छात्रावास निर्माण के लिए डीपीआर और डिजाइन तैयार की जा रही है। रेलवे रोड पर आवासीय परिसर बनाने के लिए शासन स्तर पर प्रक्रिया गतिमान है। - प्रो. एमएस रावत, निदेशक, पीएलएमएस परिसर