ब्यूरो/अमर उजाला, मुनिकीरेती
यमकेश्वर ब्लॉक के खेड़ा मल्ला ग्राम तौलसारी में भालू ने एक गौशाला में दो पशुओं पर हमला कर घायल कर दिया है। ग्राम सभा के उप प्रधान कन्हैया लाल सेमवाल ने बताया कि रात के समय जब पशुओं की चिल्लाने की आवाज आई तो आसपस के लोगों की नींद खुल गई। जिस गौशाला से पशुओं की चिल्लाने की आवाज आ रही थी लोगों ने वहां पहुंचकर शोर मचाना शुरू किया, जिससे भालू जंगल की ओर भाग गया।
उन्होंने कहा कि इसकी सूचना पशु चिकित्सक को दी गई। चिकित्सक ने मौके पर पहुंचकर पशुओं का परीक्षण कर बताया कि पशु गंभीर रूप से घायल हुए हैं। उप प्रधान ने बताया कि भालू आए दिन घात लगाकर गौशाला में बंधे पशुओं पर हमला कर रहा है। इसके बावजूद वन विभाग की ओर से कोई ठोस कदम नहीं उठाए जा रहे हैं।
ग्राम तौलसारी में भालू के हमले की सूचना नहीं मिली है। अगर ऐसा हो रहा है तो पड़ताल करवाई जाएगी। इसके बचाव के लिए ग्रामीण क्षेत्रों के आस पास के जंगलों में वन कर्मियों की गश्त बढ़ाई जाएगी।
- दिनेश उनियाल, वन क्षेत्राधिकारी यमकेश्वर पौड़ी