ब्यूरो/अमर उजाला, ऋषिकेश । एपेक्स ग्लोबल स्कूल के दीक्षांत समारोह में विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुति दी। माजरीग्रांट स्थित विद्यालय परिसर में आयोजित समारोह का विद्यालय के चेयरमैन रामचरण रतूड़ी व इंदर सिंह खत्री ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर शुभारंभ किया। इस मौके पर रामचरण रतूड़ी ने कहा कि विद्यालय में बच्चों को अच्छी शिक्षा के साथ ही जीवन में अच्छे संस्कार भी जरूरी हैं। कार्यक्रम में विद्यालय के छात्रों ने सामूहिक नृत्य से दर्शकों का मन मोह लिया।
अध्यापिका पार्वती ने बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ पर कविता प्रस्तुत की। वहीं सपना ने प्लास्टिक को कहे ना शीर्षक पर अपने विचार प्रस्तुत किए। कार्यक्रम के अंत में मशहूर अंग्रेजी पॉप सांग ब्राजील पर छात्र जमकर थिरके। अध्यापिका कल्पना बलोदी ने पुलवामा आतंकी घटना में शहीद हुए जवानों को श्रद्धांजलि स्वरूप हिंदी कविता प्रस्तुत की। इस अवसर पर प्रधानाचार्य संध्या शर्मा, अनिल अग्रवाल, मनीष मंगल, साक्षी सूरी, सीएस दुबे, भावना पाल, दीपिका, अनिल अग्रवाल, मोनिका मंगल, संजय शर्मा, विपिन पंत, राजकुमार, ताजेंद्र सिंह, अनिल पाल, किरन पाल, सिद्धार्थ शर्मा, साहेब सिंह आदि मौजूद थे।