डोईवाला। ऋषिकेश रोड स्थित श्री हरज्ञानचंद सरस्वती शिशु विद्या मंदिर इंटर कॉलेज में विद्या भारती के आह्वान पर नमामि भारत-वंदे मातरम कार्यक्रम आयोजित हुआ। इसमें 725 लोगों ने सामूहिक रूप से वंदे मातरम का गायन किया। अतिथियों ने मां सरस्वती और भारत माता के चित्र के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित व पुष्प अर्पित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। वक्ताओं ने वंदे मातरम को राष्ट्रप्रेम और मातृभूमि के सम्मान की भावना मजबूत करने वाला गीत बताया। इस दौरान भाजपा जिलाध्यक्ष राजेंद्र तड़ियाल समेत कई लोग मौजूद रहे।
एनएसएस स्थापना दिवस पर चलाया स्वच्छता अभियान
डोईवाला। राजकीय इंटर कॉलेज माजरी ग्रांट में एनएसएस स्थापना दिवस के अवसर पर स्वच्छता अभियान चलाया गया। स्वयंसेवियों ने ग्रामीण क्षेत्रों में कूड़ा एकत्र कर उसका निस्तारण किया। कार्यक्रम अधिकारी विजेंद्र कुमार ने विद्यार्थियों से स्वच्छता को दैनिक जीवन में अपनाने का आह्वान किया। प्रधानाचार्य भानु प्रकाश कुकरेती ने कहा कि शिक्षा के साथ सामाजिक जिम्मेदारियों से जुड़ना भी जरूरी है।