ब्यूरो/अमर उजाला, मुनिकीरेती
वन विभाग की ओर से ग्रामीण महिलाओं को जायका योजना के अंतर्गत जोड़ने के प्रयास हो रहे हैं। इसके लिए 51 वन पंचायतों में स्वयं सहायता समूहों का गठन किया गया है। प्रभागीय वनाधिकारी धर्म सिंह मीणा ने बताया कि पर्वतीय क्षेत्रों के कुछ वन पंचायतों के प्लान तैयार कर दिए गए हैं। इसके अंतर्गत महिलाओं को प्रशिक्षण देना शुरू कर दिया है। ऐसे प्रशिक्षणों के माध्यम से महिलाओं को अदरक, हल्दी, चाय आदि की पैदावार का प्रशिक्षण दिया जा रहा है।
इसमें महिलाओं को अधिक से अधिक स्वरोजगार से जोड़ने की कोशिश है। योजना के तहत पर्वतीय क्षेत्रों में सहायक नदियों के किनारे महिलाओं को खेती करने के लिए प्रोत्साहित किया जा रहा है। अगर यह योजना सफल हुई तो अन्य सहायक नदियों पर चेक डैम बनाए जाएंगे। इसके अलावा पर्वतीय क्षेत्रों में वन क्षेत्र की खाली भूमि पर बांज के पौधे रोपने की योजना है। बांज के पेड़ पानी को संरक्षित करने में अहम भूमिका निभाते हैं।