-मुख्य सेवक सदन में प्रस्तावित कार्यक्रम, अंतरराष्ट्रीय बालिका दिवस पर बालिकाओं का भी होगा सम्मान
देहरादून/ऋषिकेश। उत्तराखंड राज्य बाल अधिकार संरक्षण आयोग की प्रस्तावित पंचम बाल विधानसभा-2023 की तैयारियां अंतिम चरण में हैं। 12 अक्तूबर को मुख्य सेवक सदन में बाल विधानसभा आयोजित करने का प्रस्ताव तैयार किया गया है। द्विवर्षीय बाल विधानसभा के लिए प्रदेश के सभी 13 जिलों से 14 से 16 वर्ष आयु वर्ग के 70 बालक-बालिकाओं का बाल विधायक के रूप में चयन किया गया है। आयोग के अनुसार देहरादून को छोड़कर सभी जिलों से चयनित बाल विधायकों की सूची मिल चुकी है, जबकि देहरादून की सूची सोमवार तक मिलने की उम्मीद है। इसके बाद अंतिम सूची तैयार की जाएगी। बाल विधानसभा में बच्चों के अधिकारों और उनसे जुड़े मुद्दों पर चर्चा होगी। साथ ही, बच्चों को लोकतांत्रिक प्रक्रिया, नेतृत्व क्षमता और सदन की कार्यप्रणाली को समझने का अवसर मिलेगा।
बालिकाओं को किया जाएगा सम्मानित
अंतरराष्ट्रीय बालिका दिवस के तहत इसी दिन मुख्य सेवक सदन में बालिकाओं के सम्मान का कार्यक्रम भी प्रस्तावित है। आयोग की ओर से विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाली बालिकाओं को सम्मानित किया जाएगा। आयोग के अधिकारियों के अनुसार, बाल विधानसभा और बालिका सम्मान कार्यक्रम संयुक्त रूप से आयोजित करने का प्रस्ताव है। कार्यक्रम को लेकर तैयारियां अंतिम चरण में हैं।
- 12 अक्तूबर को मुख्य सेवक सदन में बाल विधान सभा आयोजित किए जाने का कार्यक्रम प्रस्तावित है। इसी दिन अंतर राष्ट्रीय बालिका दिवस के तहत बालिकाओं को सम्मानित भी किया जाना है। डॉ. एसके बरनवाल, सचिव, उत्तराखंड राज्य बाल अधिकार संरक्षण आयोग।