ब्यूरो/अमर उजाला, ऋषिकेश । सीमा डेंटल कॉलेज एवं हॉस्पिटल में स्नातकोत्तर व स्नातक छात्रों का दीक्षांत समारोह आयोजित किया गया। इस मौके पर 2015 बैच के 14 स्नातकोत्तर छात्रों और 2013 बैच के 92 स्नातक छात्रों को उपाधि प्रदान की गई। मंगलवार को कॉलेज परिसर में आयोजित समारोह का एचएनबी गढ़वाल विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ. अन्नपूर्णा नौटियाल और डेंटल काउंसिल आफ इंडिया के डॉ. जेआर सबरवाल ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर शुभारंभ किया। छात्रों को कुलपति डॉ. अन्नपूर्णा नौटियाल ने उपाधि प्रदान की।
इस मौके पर कुलपति ने सीमा डेंटल कॉलेज एवं हास्पिटल में उपलब्ध संसाधनों की प्रशंसा की और उपाधि पाने वाले छात्रों को सत्य व धर्म की राह पर चलने, निष्ठा व श्रेष्ठ आचरण से अपने परिवार, समाज व देश की उन्नति में सहायक बनने के लिए प्रेरित किया। डॉ. जेआर सबरवाल ने कहा कि दंत चिकित्सकों की जरूरत बड़े शहरों तक ही सीमित न होकर गांव-गांव तक पहुंचे यही आज की आवश्यकता है। एक सफल चिकित्सक वही है जो रोगी के मन की व्यथा भी समझ पाए। इससे सिर्फ दांत का नहीं अपितु पूर्ण व्यक्तित्व का इलाज किया जा सके।
संस्थान के चेयरमैन डॉ. अमित गुप्ता ने सभी भावी डाक्टरों को बधाई दी। कहा कि उपाधि पाने वाले छात्र संपूर्ण भारत व विश्व में कॉलेज का नाम रोशन करेंगे। इस अवसर पर कॉलेज के संस्थापक डॉ. आरके गुप्ता, डॉ. हिमांशु ऐरन, अजय गर्ग, डॉ. ज्योत्सना सेठ, विवेक संग, डॉ. अनिरुद्ध सिंह, नारायण प्रसाद, अनिल ढ़ींगरा, प्रीति धवन, अमित अग्रवाल, वरुण कुमार, तरुण शर्मा, अमरेंद्र तुली, तरुण राणा, मेघा राणा, मारीशा भंडारी, ऋचा बंसल, शीतल ग्रोवर, रंजीता मेहता आदि मौजूद थे।