यमकेश्वर। विकासखंड की छोटी तिमली गांव में बीते चार दिनों से विद्युत आपूर्ति ठप है। ग्रामीण रविवार से ही ऊर्जा निगम कोटद्वार, स्थानीय लाइनमैन और ठेकेदार को फोन कर रहे हैं लेकिन केवल जल्द विद्युत आपूर्ति बहाल किए जाने का आश्वासन ही मिल रहा है। ग्रामीणों ने बताया कि बरसात के दौरान रात के समय गांव के अंदर जंगली जानवरों और सांपों का खतरा बना रहता है। लोग फोन चार्ज करने दूसरे गांव जा रहे हैं। अभिभावकों ने बताया कि बिजली न होने से स्कूली बच्चे पढ़ाई नहीं कर पा रहे हैं। छोटी तिमली गांव में 50 परिवार रहते हैं। निवर्तमान ग्राम प्रधान जगपाल सिंह नेगी ने बताया कि चार दिनों से विभाग को सूचना दे रहे हैं लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हो रही है। वहीं, ऊर्जा निगम कोटद्वार के अवर अभियंता शौकीन अली ने बताया कि गांव की केबल खराब हो गई है। फॉल्ट बड़ा होने पर कर्मचारी भेजे जाएंगे। जल्द विद्युत आपूर्ति सुचारु कर दी जाएगी। संवाद