ब्यूरो/अमर उजाला, ऋषिकेश । नगर कांग्रेस कमेटी ने हरिद्वार जिले के पांच गांवों में जहरीली शराब पीने से 100 से अधिक लोगों के मरने पर प्रदेश सरकार का पुतला फूंका। रविवार को नगर अध्यक्ष विनय सारस्वत के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने रेलवे रोड स्थित कांग्रेस भवन के समक्ष एकत्रित होकर जमकर नारेबाजी की। इस मौके पर महंत विनय सारस्वत ने कहा कि उत्तराखंड सरकार जीरो टॉलरेंस की सरकार का ढिंढोरा पीट रही है, जोकि पूरी तरह भ्रष्टाचार में डूबी है। इसका जीता जागता उदाहरण हरिद्वार जिले में कच्ची शराब से मरने वालों की घटना है।
शासन प्रशासन अवैध शराब के धंधे को संरक्षण प्रदान कर रहा है। जहरीली शराब पीकर सैकड़ों लोग मर गए, ऐसी भ्रष्ट सरकार को शासन में रहने का कोई अधिकार नहीं है। शिवमोहन मिश्र ने कहा कि प्रदेश में कानून का डर अपराधियों के अंदर नहीं रह गया है। भ्रष्ट तंत्र पूरी व्यवस्था पर हावी है। शराब माफिया उत्तराखंड से लेकर उत्तर प्रदेश तक अवैध कारोबार सरकार की शह पर कर रहे हैं। भ्रष्टाचार में डूबी सरकार को प्रदेश की जनता लोकसभा चुनावों में जबाब देगी।
इस अवसर पर जयपाल जाटव, एआईसीसी सदस्य जयेंद्र रमोला, पूर्व अध्यक्ष मदन मोहन शर्मा ,प्रदेश सचिव विमला रावत, चंदन सिंह पंवार, मुमताज हाशिम, महिला अध्यक्ष मधु जोशी, उमा देवी, वेद प्रकाश धींगडा, राकेश सिंह, जगत सिंह नेगी, शकुंतला शर्मा, भगवान सिंह पंवार, वीरेंद्र सजवाण, नंदकिशोर जाटव, तुषार बैनर्जी, अभिषेक शर्मा, शुभम सारस्वत, शैलेंद्र रस्तोगी, जयपाल सिंह, अमित पाल, गौरव यादव, संजय भारद्वाज, तनवीर सिंह, सुधीर राय, अशोक शर्मा, हरीश पंत, नीरज शर्मा, मोहित शर्मा आदि मौजूद थे ।