ब्यूरो/अमर उजाला, ऋषिकेश। टीएचडीसीआईएल की ओर से आयोजित 23वीं अंतर केंद्रीय विद्युत क्षेत्र उपक्रमों की वॉलीबाल प्रतियोगिता के फाइनल मैच में बीबीएमबी ने पावर ग्रिड कॉरपोरेशन ऑफ इंडिया लिमिटेड को हराकर प्रथम स्थान हासिल किया। दूसरे स्थान पर पावर ग्रिड कॉरपोरेशन ऑफ इंडिया लिमिटेड व तीसरे स्थान पर सतलुज जल विद्युत निगम लिमिटेड रहे। शुक्रवार को आयोजित प्रतियोगिता का शुभारंभ अध्यक्ष व प्रबंध निदेशक डीवी सिंह ने किया। उन्होंने कहा कि खिलाड़ियों को खेल भावना से खेलना चाहिए।
प्रतियोगिता का पहला सेमीफाइनल टीएचडीसी व पीजीसीआईएल के बीच खेला गया। इसमें पीजीसीआईएल की टीम विजेता घोषित की गई। दूसरा सेमीफाइनल बीबीएमबी व एसजेवीएनएल के मध्य खेला गया। इसमें बीबीएमबी विजेता तथा एसजेवीएनएल उपविजेता रहे। तीसरे स्थान के लिए टीएचडीसआईएल व एसजेवीएनएल के मध्य मैच खेला गया। इसमें एसजेवीएनएल तीसरे तथा टीएचडीसीआईएल चौथे स्थान पर रहे। इस दौरान विजेताओं को पुरस्कृत भी किया गया। इस मौके पर निदेशक (कार्मिक) विजय गोयल, कार्यपालक निदेशक एचएल भारज, कार्यपालक निदेशक (डिजाइन) राजीव विश्नोई, महाप्रबंधक (सीपी) वीके बडोनी, महाप्रबंधक (ओएमएस) मुहर मणी आदि उपस्थित रहे।