बहुउद्देशीय शिविर : 23 लोगों की पेंशन की जारी
- वृद्धावस्था के 216, विधवा के 65, दिव्यांग प्रमाणपत्र के लिए 45 आवेदन आए
- मुख्यमंत्री के निर्देश पर समाज कल्याण विभाग ने लगाया था शिविर
अमर उजाला ब्यूरो
डोईवाला। समाज कल्याण विभाग की ओर से आयोजित बहुउद्देशीय शिविर में 23 लोगों की पेंशन जारी की गई। मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत के निर्देश पर समाज कल्याण विभाग की ओर से आयोजित बहुउद्देशीय शिविर में काफी संख्या में लोगों ने हिस्सा लेकर पेंशन के लिए आवेदन किया। औपचारिकताओं को पूरा करने के लिए विभागीय अधिकारी भी मौजूद रहे। मौके पर मौजूद अधिकारियों ने आवेदकों का पंजीकरण कराने के बाद पेंशन जारी की।
सहायक समाज कल्याण अधिकारी डोईवाला महेश प्रताप ने बताया कि वृद्धावस्था के लिए 216, विधवा के 65, दिव्यांग प्रमाणपत्र के लिए 45 लोगों ने आवेदन किया था। इसमें से 23 लोगों की पेंशन जारी कर दी गई। इसके अलावा किसान पेंशन के लिए 9, परित्यक्ता के 4, राष्ट्रीय पारिवारिक लाभ के लिए एक ने आवेदन किया है। भाजपा नेता करन बोरा ने बताया कि शिविर के दौरान लोगों को पेंशन फार्म जमा कराने के लिए कार्यकर्ताओं की ओर से सहयोग दिया गया। बहुउद्देशीय शिविर सुबह 11 बजे से तीन बजे तक रहा। इस दौरान तहसीलदार ऋषिकेश रेखा आर्य, तहसीलदार डोईवाला शूरवीर राणा, खंड विकास अधिकारी बीर सिंह राणा, ग्राम प्रधान मारखम ग्रांट परमिंदर सिंह बाउ, मनीष नेगी, कमल थापा, वीरेंद्र थापा, प्रदीप कुमार, सुंदर दास, बलविंदर सिंह आदि मौजूद थे।