ब्यूरो/अमर उजाला, ऋषिकेश
अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद की ओर से आयोजित राजकीय ऑटोनामस महाविद्यालय के वार्षिक समारोह में योग की झलकियां देखने को मिली। इस दौरान छात्र-छात्राओं ने सांस्कृतिक कार्यक्रम के दौरान देशभक्ति गीतों की प्रस्तुति दी। कार्यक्रम का उद्घाटन पहले विधानसभा अध्यक्ष प्रेमचंद अग्रवाल जबकि बाद में सांसद रमेश पोखरियाल निशंक ने किया। विधानसभा अध्यक्ष ने विद्यालय की आंतरिक सड़क के लिए छह लाख रुपये विधायक निधि से देने की घोषणा की।
उन्होंने कहा कि ऑटोनॉमस होने के कारण निश्चित रूप से इस महाविद्यालय से गुणवत्ता में सुधार हुआ है, परंतु छात्रों के प्रवेश कम हो रहे हैं। इसके लिए आने वाले समय में इसी महाविद्यालय परिसर में श्रीदेव सुमन विश्वविद्यालय के कैंपस की स्थापना भी की जाएगी। उन्होंने कहा कि एक करोड़ रुपये की लागत से महाविद्यालय का पुस्तकालय निर्माण हो रहा है। महाविद्यालय के ऑडिटोरियम के लिए रूसा के माध्यम से सरकार ने दो करोड़ रुपये स्वीकृत किए हैं। बालिका छात्रावास के लिए 50 लाख रुपये की धनराशि मुख्यमंत्री के माध्यम से स्वीकृत की जानी है।
इस मौके पर मेयर अनिता ममगाईं, मंडी समिति के पूर्व सभापति राकेश अग्रवाल, पार्षद शिव कुमार गौतम, प्राचार्य एनपी माहेश्वरी, सुमित पंवार, कमलेश जैन, संजीव चौहान, सतवीर तोमर, छात्र संघ विश्वविद्यालय प्रतिनिधि रवि कुमार, छात्र संघ उपाध्यक्ष पारसनाथ, शिवा चौहान, शिवानी मटोलिया, दीपक भारद्वाज, संदीप शर्मा, विवेक शर्मा, नितिन सक्सेना आदि उपस्थित थे।
महाविद्यालय के मोबाइल एप का लोकार्पण हुआ
विस अध्यक्ष प्रेमचंद अग्रवाल ने महाविद्यालय के एप का भी लोकार्पण किया। महाविद्यालय की टेक्निकल सपोर्ट टीम के सदस्य डॉ. दयाधार दीक्षित ने बताया कि इसके माध्यम से छात्र-छात्राएं न सिर्फ अपना शुल्क जमा कर सकेंगे, बल्कि फीडबैक फार्म, ऑनलाइन पोल, रिजल्ट सहित कुल 15 सुविधाओं का लाभ ले सकेंगे। इस एप के जरिये ऑनलाइन कक्षाओं का सीधा प्रसारण हो सकेगा और यह सब कुछ निशुल्क हो सकेगा।
विदेशों में भी देश का रुतबा बढ़ा: निशंक
वार्षिक समारोह में सांसद डॉ. रमेश पोखरियाल निशंक ने भी छात्र-छात्राओं को अपनी शुभकामनाएं देते हुए देश की वर्तमान परिस्थितियों से अवगत कराया। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के निर्णय की प्रशंसा करते हुए कहा कि देश में वर्तमान नेतृत्व सक्षम है। भारत की विदेशों में भी देश का रुतबा बढ़ा है।
फोटो समाचार
-----------
बुझे दीपों को दोबारा जलाया, फिर हुआ कार्यक्रम का उद्घाटन
ऋषिकेश। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद की ओर से आयोजित वार्षिकोत्सव सियासी रस्साकशी की भेंट चढ़ गया। आलम यह रहा कि वार्षिकोत्सव में इक्का दुक्का कार्यक्रम हुए, मगर इसका दीप प्रज्ज्वलन दो बार किया गया। एक बार विधानसभा अध्यक्ष प्रेमचंद अग्रवाल ने तो दूसरी बार सांसद रमेश पोखरियाल निशंक ने किया। महाविद्यालय के वार्षिकोत्सव का समय साढ़े 11 बजे का निर्धारित किया गया था। आलम यह रहा कि विधानसभा अध्यक्ष प्रेमचंद अग्रवाल करीब सवा दो बजे पहुंचे। दीप प्रज्ज्वलन के बाद भाषणों का दौर चला। इसी के साथ विधानसभा अध्यक्ष कार्यक्रम स्थल से रवाना हुए। जिस वक्त विधानसभा अध्यक्ष कार्यक्रम से विदा हो रहे थे, उसी दौरान सांसद रमेेश पोखरियाल निशंक पहुंचे। सांसद की आमद देख महाविद्यालय प्रशासन अफरा तफरी में दीप प्रज्ज्वलन की तैयारियों में जुट गया। बुझे दीपों को फिर से तेल डालकर जलाने की व्यवस्था की गई। इसके बाद कार्यक्रम का सांसद निशंक ने दोबारा औपचारिक उद्घाटन किया और अपने भाषण की औपचारिकता पूरी की।
सुबह से इंतजार में बैठे रहे बच्चे
सुबह से वार्षिकोत्सव के शुरू होने का महाविद्यालय के बच्चे इंतजार करते रहे, मगर अतिथियों ने आने में इतनी देर कर दी कि बच्चों को अपने कार्यक्रम समेटने पड़े। समय का ध्यान देते हुए स्वागत गीत, योग और एनसीसी के बच्चे अपनी सीमित प्रस्तुति देकर मजबूरन संतुष्ट हुए।