ब्यूरो/अमर उजाला, मुनिकीरेती । शिवपुरी रेंज में लीज पर दी गई 42 जमीनों की मियाद पूरी होने पर अब वन विभाग अपनी जमीनों को खाली करवाने की कवायद में जुट गया है। विभाग ने सभी 42 लोगों को नोटिस जारी कर दिया गया है। हालांकि विभाग के लिए संपत्तियों को खाली करवाना टेढ़ी खीर साबित होगी, क्योंकि इन संपत्तियों पर आश्रमों का कब्जा किया हुआ है। विभाग जमीनों का भौतिक सर्वे करने जा रहा है।
शिवपुरी रेंज के अंतर्गत लगभग 42 जमीनें ऐसी हैं जिन्हें 30 साल की लीज पर दिया गया था। इन्हें खाली करवाने के लिए अव वन विभाग सचेत हुआ है। खास बात यह है कि लीज पूरी होने के बाद न तो उन जमीनों का रिन्यूवल हुआ और न ही कब्जा हट पाया। वन विभाग प्रशासन ऐसी लीज भूमि का चिह्नीकरण कर भू-स्वामियों को नोटिस जारी करते हुए वन भूमि को खाली करने के निर्देश दिए हैं।
वन क्षेत्राधिकारी स्पर्श काला ने बताया कि वन विभाग की ओर से लगभग 42 ऐसी वन भूमि का चिह्नीकरण किया गया है जिनकी लीज की मियाद पूरी हो चुकी है। लीज भूमि की मियाद पूरी होने के बावजूद किसी भी भू स्वामी ने दुबारा लीज की मियाद बढ़ाने के लिए अब तक कोई कदम नहीं उठाया है। ऐसे में वन विभाग प्रशासन ने ऐसे भू स्वामियों को नोटिस जारी कर दिया है।
वन भूमि की होगी पैमाइश
उन्होंने बताया कि वन विभाग की ओर से सभी लीज भूमियों का सर्वेक्षण किया जाएगा। सर्वेक्षण के दौरान कितनी लीज भूमि वन क्षेत्र के अंतर्गत है उसकी पैमाइश की जाएगी। सर्वेक्षण पूरा होने के बाद वन विभाग प्रशासन लीज भूमि को खाली करवाने के लिए कार्रवाई करेगी। उन्होंने कहा कि उच्च स्तर पर लीज भूमि को खाली करने के लिए मंथन किया जा रहा है। बहुत जल्द ही लीज भूमि को अतिक्रमण मुक्त करने की कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।