ब्यूरो/अमर उजाला, ऋषिकेश। गढ़वाल मंडल के स्थापना दिवस को 50 वर्ष पूर्ण होने पर गंगा नदी राफ्टिंग रोटेशन समिति ने स्वर्ण जयंती समारोह के रूप में मनाया। मौके पर रोटेशन समिति के आयोजित कार्यक्रम राफ्टिंग रन एंड फन में बड़ी संख्या में पर्यटकों ने भाग लिया। बृहस्पतिवार को राफ्टिंग रन एंड फन कार्यक्रम में सभी राफ्टिंग काउंटरों पर पर्यटकों से अधिक से अधिक संख्या में साहसिक खेल राफ्टिंग में भाग लेने की अपील की गई। ब्रह्मपुरी प्वाइंट में गंगा नदी रोटेशन समिति से जुड़ी 50 से अधिक राफ्टिंग कंपनियां एकत्रित हुई और गढ़वाल मंडल के स्वर्ण जयंती समारोह राफ्टिंग रन एंड फन कार्यक्रम में भाग लिया।
इस मौके पर रोटेशन समिति के अध्यक्ष दिनेश भट्ट ने कहा कि गढ़वाल कमिश्नर के निर्देशानुसार कई जगहों पर गढ़वाल मंडल का स्थापना दिवस मनाया जा रहा है। गढ़वाल मंडल बने 50 साल पूर्ण होने पर स्थापना दिवस को स्वर्ण जयंती समारोह के रूप में मनाया जा रह है। गंगा नदी राफ्टिंग रोटेशन समिति गढ़वाल मंडल की स्वर्ण जयंती को राफ्टिंग रन एंड फन के रूप में मना रही है। क्योंकि वर्तमान में राफ्टिंग ही पूरे गढ़वाल का सबसे प्रसिद्घ और आकर्षक साहसिक खेल है। रोमांच से भरे इस खेल का मजा लेने के लिए देश ही नहीं बल्कि विदेशों से भी यहां बड़ी संख्या में लोग पहुंचते हैं।
पानी का बहाव अधिक होने के कारण एक के बाद एक लगातार 50 राफ्टों को भेजा गया। इससे गंगा घाटी रंग बिरंगी राफ्टों से गुलजार हो उठी। सभी राफ्टें राफ्टिंग रन एंड फन के बैनर तले गंगा में उतारी गई। इस मौके पर बड़ी संख्या में पर्यटकों ने राफ्टिंग का आनंद उठाया। मौके पर राफ्टिंग कंपनियों के मालिक विकास भंडारी, हुकुम रावत, रामपाल भंडारी, हेमंत चौहान, मनोज उनियाल, धनवीर भंडारी, मदन बडोनी, बिजेंद्र पंवार, विजय पयाल, धीरेंद्र रावत, धर्मेंद्र नौटियाल, दिनेश कंसवाल, सुमित प्रिजवाण, राजेश पुंडीर, मंदीप डबराल, प्रदीप काकरान, अनुराग पयाल, विरेंद्र गुसाईं आदि उपस्थित थे।