ब्यूरो/अमर उजाला, ऋषिकेश । संत समिति ने पुलिस प्रशासन पर प्राचीन सोमेश्वर मंदिर को षड़यंत्र के तहत बदनाम करने वाले आरोपियों को गिरफ्तार नहीं करने का आरोप लगाया है। शुक्रवार को चंद्रेश्वर महादेव मंदिर परिसर में समिति के अध्यक्ष महंत विनय सारस्वत की अध्यक्षता में बैठक हुई। उन्होंने प्राचीन सोमेश्वर महादेव मंदिर को षड़यंत्र के तहत बदनाम करने वाले लोगों पर कानूनी कार्रवाई नहीं किए जाने पर चिंता जताई है। समिति के महामंत्री महंत रामेश्वर गिरी ने बताया कि विगत दिनों प्राचीन सोमेश्वर महादेव मंदिर को कुछ अराजक तत्वों ने षड्यंत्र करके बदनाम करने का प्रयास किया है।
मंदिर परिसर व आसपास असामाजिक तत्वों व नशाखोरों के खिलाफ समिति ने लिखित रूप से पुलिस प्रशासन के साथ ही उच्च अधिकारियों को भी शिकायत भेजी गई। इसके बावजूद षड़यंत्रकारियों के खिलाफ न तो कोई कार्रवाई की गई ना ही नशाखोरों व असामाजिक तत्वों पर लगाम लगाई गई है। इस अवसर पर महामंडलेश्वर डॉ. आनंद प्रकाश, महंत अखिलेश भारती, महंत पूर्णानंद, महंत धर्मानंद, महंत राकेशनंद, महंत निर्मलदास, महंत हरिनारायणाचार्य, महंत कृष्णानंद, स्वामी धर्मवीर दादूपंती, महंत हरिदास, महंत विवेकानंद सरस्वती, महंत राजेंद्र गिरी, महंत राकेशनंद सरस्वती, महंत श्रद्धागिरी माता, महंत हरेश्वरी माता आदि मौजूद थे।
मंत्री प्रकाश पंत के निधन पर शोक व्यक्त किया
संत समिति की ओर से कैबिनेट मंत्री प्रकाश पंत के निधन शोक व्यक्त किया गया। इस मौके पर समिति के अध्यक्ष विनय सारस्वत ने कहा कि प्रकाश पंत के आकस्मिक निधन से संत समाज के साथ ही प्रदेश को अपूर्णीय क्षति हुई है। इस मौके पर संत समाज ने श्रद्धांजलि अर्पित करने के साथ ही दो मिनट का मौन रखकर गंगा माता से उनकी आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की।