ब्यूरो/ अमर उजाला, ऋषिकेश। चार धाम यात्रा के मद्देनजर बैराज चीला और बाईपास मार्ग पर रूट डायवर्ट करने के बावजूद भी जाम की समस्या से छुटकारा नहीं मिल पा रहा है। रविवार को श्यामपुर से शिवपुरी तक वाहन रेंग-रेंगकर चलते रहे। इस दौरान स्थानीय लोगों को खासी परेशानियों का सामना करना पड़ा। चार धाम यात्रा, हेमकुंड यात्रा और राफ्टिंग, कैंपिंग करने आए लोगों की बढ़ती भीड़ से तीर्थनगरी में वाहनों का जमावड़ा लग गया है, जिनके कारण जगह-जगह जाम की समस्या पैदा हो रही है। यात्रा पर जाने वाली बसों से श्रीनगर रूट पर दबाव बढ़ गया है। वाहनों की बढ़ती भीड़ के आगे पुलिस व्यवस्था लाचार नजर आई। व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए कोयल घाटी से लेकर शिवानंद पार्किंग तक बीच रोड में बेरीकेडिंग लगा दिए गए हैं।
ढालवाला बाईपास मार्ग पर भी ट्रैफिक को सुचारु रूप से चलाने के लिए बेरीकेडिंग लगा दिए गए हैं। जगह-जगह सड़क के दोनों तरफ पार्क वाहन भी जाम के कारण बन रहे हैं। चारधाम यात्रा के दौरान पिछले कुछ वीकेंड से श्यामपुर से तपोवन तक की दूरी तय करने में वाहनों को करीब आधे घंटे से अधिक समय लग रहा है। हाईवे पर ट्रैफिक अधिक बढ़ने से ट्रैफिक पुलिस ने कई वाहनों को गलियों में भी भेज दिया, जिससे कई पर्यटकों को रास्ता ढूंढने में परेशानी का सामना भी करना पड़ा।
बढ़ती गर्मी में राफ्टिंग करने उमड़े पर्यटक
तीर्थनगरी में तापमान 38 डिग्री पहुंचने पर पर्यटक गर्मी से परेशान रहे। गर्मी से बचने के लिए पर्यटकों ने राफ्टिंग और प्राकृतिक झरनों की ओर रुख किया। पर्यटकों ने गंगा की लहरों में अठखेलियां की। इस दौरान पर्यटकों ने रैपिड और क्लिफ जंप का आनंद भी उठाया। कई पर्यटकों ने भीषण गर्मी से बचने के लिए नीरगड्डू और गरूड़चट्टी में स्थित प्राकृतिक झरनों की ओर रुख किया।