ब्यूरो/अमर उजाला, ऋषिकेश। हरिद्वार से सांसद डॉ. रमेश पोखरियाल निशंक के केंद्रीय मानव संसाधन विकास मंत्री बनने के बाद ऋषिकेश में महिला डिग्री कॉलेज बनने की उम्मीद फिर जाग गई है। वर्ष 2011 में जब डॉ. रमेश पोखरियाल निशंक प्रदेश के मुख्यमंत्री थे। उस समय भाजपा की मंडल अध्यक्ष और मौजूदा मेयर अनिता ममगाईं ने महिला डिग्री कॉलेज की मांग उठाई थी। अब डॉ. निशंक खुद केंद्रीय मानव संसाधन विकास मंत्री बन चुके हैं लिहाजा मेयर को भरोसा है कि कॉलेज की मांग हकीकत का रूप ले सकेगी।
ऋषिकेश स्थित राजकीय महाविद्यालय में हरिपुरकलां, रानीपोखरी, ढालवाला, पट्टी दोगी, यमकेश्वर व ऋषिकेश में निवासरत छात्र और छात्राएं अध्ययन करने आते हैं। महाविद्यालय में सीमित सीट होने के चलते आसपास ग्रामीण क्षेत्रों के छात्रों को उच्च शिक्षा के लिए प्रवेश नहीं मिल पाता। वर्ष 2010 में ऋषिकेश के राजकीय महाविद्यालय को ऑटोनॉमस बना दिया गया। इससे यहां प्रवेश की नियमावली और भी सख्त हो गई। इस कारण यहां के सैकड़ों छात्राओं को उच्च शिक्षा के लिए देहरादून, नरेंद्र नगर, डोईवाला, हरिद्वार जाने को मजबूर होना पड़ता है। शुक्रवार को मेयर अनिता ममगाईं ने फोन पर डॉ. निशंक को केंद्रीय मानव संसाधन विकास मंत्री बनने पर बधाई दी। इसके साथ ही उन्होंने ऋषिकेश में महिला डिग्री कॉलेज स्थापना की याद भी दिलाई। इस पर केंद्रीय मंत्री डॉ. निशंक ने भरोसा दिलाया कि जल्द ही ऋषिकेश को महिला डिग्री कॉलेज की सौगात दी जाएगी।