विधानसभा अध्यक्ष प्रेमचंद अग्रवाल ने क्षेत्र के अंतर्गत चल रहे पेयजल योजना विकास कार्यों से संबंधित पेयजल निगम के अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों से क्षेत्र में पूर्ण, निर्माणाधीन और प्रस्तावित पेयजल योजनाओं की प्रगति को लेकर चर्चा की। उन्होंने कहा कि विभाग की ओर से क्षेत्र में हो रहे विकास कार्य की प्रगति का समय-समय पर अवगत कराया जाना आवश्यक है। इस दौरान उन्होंने विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत सुमन बिहार पेयजल योजना, वीरपुर खुर्द में नलकूप व वितरण प्रणाली पेयजल योजना और बीस बीघा में मिनी ट्यूबवेल निर्माण की प्रगति को लेकर विभागीय अधिकारियों से जानकारी ली।
उन्होंने ग्राम खदरी व गुमानीवाला में पाइपलाइन के निर्माण के संबंध में व कार्य प्रगति पर विभागीय अधिकारियों से विस्तृत में चर्चा की। वहीं विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत प्रस्तावित पेयजल योजनाओं जिनमें श्यामपुर पेयजल योजना पार्ट-1, भल्ला फार्म, श्यामपुर पेयजल योजना पार्ट-2, नंबरदार फार्म और शिवाजी नगर पेयजल योजना के बारे में अधिकारियों से बातचीत की। विधानसभा अध्यक्ष ने पेयजल विभाग के अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा है कि श्यामपुर में भल्ला फार्म व शिवाजी नगर पेयजल योजना जल्द ही स्वीकृत होना अति आवश्यक है, इन क्षेत्रों में पेयजल आपूर्ति की बहुत बड़ी समस्या है।
उन्होंने कहा कि जिन क्षेत्रों में पेयजल योजना के कार्य हो चुके हैं उन क्षेत्रों का भौतिक सत्यापन किया जाए। इस अवसर पर पेयजल निगम के अधिशासी अभियंता मिशा सिन्हा, सहायक अभियंता धीरज नेगी, अवर सहायक अभियंता राधे श्याम सिंह, अवर सहायक अभियंता महेंद्र कुमार, विशेष कार्य अधिकारी ताजेंद्र सिंह नेगी मौजूद थे।