ब्यूरो/अमर उजाला, ऋषिकेश। चार धाम यात्रा को देखते हुए यात्रियों की सुविधा के लिए एआरटीओ कार्यालय छुट्टी के दिन भी खोला जा रहा है। यहां पांच काउंटरों पर ग्रीन कार्ड बनाए जा रहे हैं। इन काउंटरों पर सुबह आठ बजे से शाम छह बजे तक काम चल रहा है। साथ ही लाउडस्पीकर के जरिये ग्रीन कार्ड बनने की जानकारी वाहन चालकों और यात्रियों को दी जा रही है।
काउंटरों पर प्रतिदिन करीब सौ से अधिक वाहनों के ग्रीन कार्ड जारी किए जा रहे हैं। बीते 16 दिनों में परिवहन विभाग ऋषिकेश के द्वारा 4564 वाहनों को ग्रीन कार्ड जारी किया जा चुका है, जिनमें उत्तराखंड के 2295 और बाहरी प्रदेशों के 2269 वाहन शामिल हैं।
लोकल वाहनों को यूं जारी होते हैं ग्रीन कार्ड
लोकल वाहनों के लिए कागजों के साथ ही यात्रियों की सूची का निरीक्षण कर होलोग्राम लगाया जाता है। इसके बाद वाहन की मेंटिनेंस और फर्स्ट एड बॉक्स का निरीक्षण कर ग्रीन कार्ड जारी किया जाता है।
बाहरी वाहनों को इस तरह मिलता है ग्रीन कार्ड
डग्गामारी करने वाले वाहनों पर अंकुश लगाने के लिए उत्तराखंड प्रवेश करने से पहले ही बार्डर पर वाहनों में यात्रियों की लिस्ट का निरीक्षण किया जाता है और होलोग्राम लगाया जाता है। इसके बाद परिवहन विभाग चालक को ट्रेनिंग देता है। इस दौरान उसे यात्रा में वाहन की ज्यादा स्पीड, शराब सेवन आदि होने पर लाइसेंस निरस्तीकरण के बारे में बताया जाता है। वाहन के कागज, मेंटिनेंस और फर्स्ट एड बॉक्स जांचकर कर ग्रीन कार्ड जारी किया जाता है।
35 वाहनों पर अनियमितता के तहत कार्रवाई
परिवहन विभाग चारधाम यात्रा को लेकर अपनी ड्यूटी मुस्तैदी से निभा रहा है। यात्राकाल में छुट्टी में कार्यालय खोला जा रहा है। छुुट्टी के दिन केवल चारधाम यात्रा के लिए ग्रीन कार्ड बनाने के लिए काउंटर खोले गए हैं। प्रतिदिन करीब 150 वाहनों के ग्रीन कार्ड जारी किए जा रहे हैं। अवैध वाहनों के संचालनों पर रोक लगाने के लिए जगह-जगह पर चेक पोस्ट बनाई गई है। रविवार तक यात्रा रूट पर जाने वाले करीब 35 वाहनों पर अनियमितता बरतने के तहत कार्रवाई की गई है।
अनिता चमोला, संभागीय परिवहन अधिकारी