ब्यूरो/अमर उजाला, ऋषिकेश। अल्पसंख्यक अधिकार दिवस के अवसर पर कोतवाली पुलिस की ओर से जागरुकता अभियान चलाया गया। इस दौरान अल्पसंख्यक वर्ग के लोगों को कोतवाली में आमंत्रित कर उनके संवैधानिक अधिकारों, संरक्षण व कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी गई। कोतवाली क्षेत्रांतर्गत निवास कर रहे अल्पसंख्यक समुदाय में मुस्लिम, सिख, ईसाई, बौद्घ, जैन व पारसी वर्ग के लोगों को कोतवाली में बुलाया गया। कोतवाली निरीक्षक रितेश शाह ने बताया कि राज्य के अल्पसंख्यक वर्गों के हितों की रक्षा के लिए राज्य सरकार ने 27 मई 2003 को उत्तराखंड अल्पसंख्यक आयोग का गठन किया है।
इस दौरान उन्होंने अल्पसंख्यक व्यक्तियों को उनके संवैधानिक अधिकार, संरक्षण एवं कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी। साथ ही अल्पसंख्यक आयोग की ओर से निस्तारित शिकायती प्रकरणों के संक्षिप्त विवरण की भी जानकारी दी। इस अवसर पर आयोग की ओर से उपलब्ध कराई गई पुस्तक को भी समुदाय के लोगों को वितरित की गई। जागरुकता कार्यक्रम में वरिष्ठ उप निरीक्षक मनोज नैनवाल, उप निरीक्षक कुलदीप रावत व अल्पसंख्यक समुदाय के कंवलजीत सिंह सेठी, अमरीक सिंह जस्सल, मौ. शरीफ अहमद, प्रदीप कुमार जैन, चन्द्रशेखर जैन, मौ. अतीक अहमद, हिम्मत सिंह, मौ. असलम आदि मौजूद रहे।