ब्यूरो/अमर उजाला, ऋषिकेश। पुलवामा में आतंकी घटना के बाद लगातार मिल रही शहादत की सूचनाओं से आहत संत समुदाय भी मुखर होकर सामने आया है। सोमवार को जयराम आश्रम के परमाध्यक्ष ब्रह्मस्वरूप ब्रह्मचारी ने प्रेसवार्ता करते हुए कहा कि अब सरकार को आतंकी घटनाओं के विरुद्ध निर्णायक कदम उठाना चाहिए। ब्रह्मस्वरूप ब्रह्मचारी ने कहा कि हम पिछले कई दशकों से धैर्य के साथ आतंकी गतिविधियों को झेलते आ रहे हैं। इसके बावजूद पड़ोसी देश की सेहत पर कोई फर्क नहीं पड़ रहा है। इससे देश के अंदर भी माहौल खराब हो रहा है।
उन्होंने कहा कि सैनिक देश की सीमा की रक्षा करते हैं और संत समाज धर्म को अक्षुण्य रखने का कार्य करता है। जब कोई सैनिक शहीद होता है तो कई रिश्तों की आत्मा आहत होती है। वह केवल सैनिक नहीं होता, बल्कि किसी का बेटा, किसी का भाई, किसी का पिता, किसी का पति होता है। आतंकी गतिविधियों से लगातार हमारे देश की सहिष्णुता को चुनौती दी जा रही है। आज जो हालात हैं उससे देश के जन जन में गुस्सा और क्षोभ है। अब समय आ गया है कि सरकार जनभावना का सम्मान करते हुए शहीदों को सच्चा सम्मान दे। कायरता पूर्ण घटना के बाद भी हमारे सैनिकों का खून बहना बंद नहीं हुआ है। इससे अच्छा है कि निर्णायक कदम उठाकर हमेशा के लिए अमन चैन कायम करने की गुंजाइश ढूंढी जाए।