एयरपोर्ट विस्तार से प्रभावित निवासियों ने अपनी मांगों को लेकर क्षेत्रीय विधायक बृजभूषण गैरोला के साथ एक महत्वपूर्ण बैठक की। इस दौरान विधायक ने प्रभावितों को आश्वस्त किया कि सरकार उन्हें जमीन के बदले जमीन उपलब्ध कराएगी, जिसके लिए रानीपोखरी के घमंडपुर क्षेत्र में लगभग 12 हेक्टेयर भूमि चिह्नित कर ली गई है।
विस्थापन से छूटे नौ परिवारों को भी अधिग्रहण में शामिल किया जाएगा। इसके साथ ही भूखंड वाले लोगों को भी भूखंड दिए जाने पर बातचीत चल रही है। विधायक ने कहा कि अधिग्रहण से करीब 62 टिहरी विस्थापितों को तीसरी बार विस्थापन का दंश झेलना पड़ रहा है।
वहीं अधिग्रहण से करीब 100 से अधिक परिवार प्रभावित हो रहे हैं। उनकी सरकार प्रत्येक परिवार की चिंता कर रही है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने भी इस संबंध में आश्वासन दिया है। विधायक ने प्रभावितों के सामने जिलाधिकारी से फोन पर बातचीत की।
जिलाधिकारी ने फोन पर विधायक को बताया कि प्रभावितों की मांगों पर कार्रवाई की जा रही है। प्रभावित बादल सजवाण ने कहा कि शनिवार को टीएचडीसी गेस्ट हाउस में आयोजित बैठक में भूमि अधिग्रहण अधिकारियों ने उन्हें जमीन के बदले जमीन दिए जाने को लेकर कोई स्पष्ट जानकारी नहीं दी थी। जिस कारण प्रभावितों ने बैठक का बहिष्कार कर नारेबाजी की थी।
कहा कि विधायक के साथ बातचीत सकारात्मक रही है। इसलिए प्रभावितों ने फिलहाल दोबारा धरने प्रदर्शन का कार्यक्रम स्थगित कर दिया है। विधायक से साथ बैठक करने वालों में विपुल सजवाण, प्रदीप चौधरी, सोनू सजवाण, हुकम सिंह पंवार आदि शामिल रहे।