ब्यूरो/अमर उजाला, ऋषिकेश। पूर्व कैबिनेट मंत्री शूरवीर सिंह सजवाण ने कांग्रेस के टिकट पर टिहरी व हरिद्वार लोकसभा सीट से लोकसभा चुनाव लड़ने की दावेदारी ठोकी है। देहरादून रोड स्थित एक होटल में प्रेसवार्ता के दौरान पूर्व कैबिनेट मंत्री ने कहा कि देश की जनता प्रियंका गांधी के नेतृत्व में सरकार को बदलने का मन बना चुकी है। प्रियंका गांधी के सक्रिय राजनीति में कदम रखने से भाजपा का शीर्ष नेतृत्व बौखला गया है। लोकसभा चुनाव को लेकर अपनी दावेदारी में उन्होंने कहा कि वह उत्तराखंड में अब तक सात विधानसभा सीटों से चुनाव लड़ चुके हैं।
उन्होंने कहा कि राज्य निर्माण के समय उनकी सक्रिय भूमिका रही। हरीश रावत पूर्व में केंद्रीय मंत्री तथा मुख्यमंत्री रह चुके हैं। उन्होंने विषम परिस्थितियों में भी कांग्रेस का हाथ नहीं छोड़ा, जबकि विजय बहुगुणा ने कांग्रेस को धोखा दिया है। उन्होंने कहा कि हरिद्वार लोकसभा सीट पर पहला हक हरीश रावत का है। ऐसी संभावना जताई जा रही हरीश रावत नैनीताल लोकसभा सीट से चुनाव लड़ सकते हैं। यदि ऐसा होता है तो उनकी दावेदारी हरिद्वार सीट से रहेगी और हरिद्वार सीट से हरीश रावत दावेदारी करते है, तो वह टिहरी लोकसभा सीट से चुनाव लड़ने की मजबूत दावेदारी करेंगे।