ब्यूरो/अमर उजाला/ऋषिकेश।
गंगा की अविरलता के लिए अनशन करने पर चर्चा में आए संत गोपालदास का मामला थम नहीं रहा है। एक तरफ संत गोपालदास की मां शकुंतला देवी त्रिवेणी घाट पर धरना दे रही हैं। वहीं रहस्यमय परिस्थितियों में करीब 15 दिनों से लापता संत गोपालदास की तलाश किए जाने को लेकर कांग्रेस मुखर हो गई है।
कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने बुधवार को संत गोपालदास की शकुंतला देवी के समर्थन में त्रिवेणी घाट पर पहुंचकर सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। साथ ही गोपालदास का पता लगाने के लिए सीबीआई जांच की मांग की गई है। इसके अलावा ग्र कार्यकर्ताओं ने संत गोपाल दास की खोज के लिए उपजिलाधिकारी प्रेमलाल को ज्ञापन सौंपा है। विदित हो कि संत गोपालदास बीती चार दिसंबे से देहरादून में इलाज के दौरान रहस्यमयी परिस्थिति में गायब हो गए थे। 15 दिन बीत जाने के बाद भी उनका कोई पता नहीं चल सका है। इसी क्रम में कांग्रेसियों ने इस मामले को तूल देते हुए त्रिवेणीघाट पर जमकर नारेबारी की। यहां से कूच करने के बाद युवा कांग्रेस के अध्यक्ष विक्रम रावत तथा युवा कांग्रेस के विधानसभा अध्यक्ष अमरजीत सिंह धीमान के नेतृत्व में कार्यकर्ता उपजिलाधिकारी कार्यालय पहुंचे। यहां उन्होंने ज्ञापन के जरिए सरकार से गोपाल दास का पता लगाने के लिए सीबीआई जांच कराने की मांग की। उन्होंने कहा कि 36 वर्षीय गोपाल दास गंगा संरक्षण के लिए अनशन पर बैठे थे। मगर लापरवाही के चलते गोपाल दास रहस्यमयी परिस्थितियों में गायब हो गए। ज्ञापन सौंपने वालों में संगठन के प्रदेश संयोजक मोहित शर्मा, प्रदेश महासचिव सोनू हसन, प्रदेश सचिव गौरव, संदीप चमोली, अंकुश प्रकाश, राहुल सैनी, रोबिन त्यागी, अमरदीप, अंकित गुप्ता, शिवम कुकरेजा, शुभम गुप्ता, शिवा सिंह, विक्की आदि मौजूद रहे।
उनकी मांग है कि करीब 15 दिन से रहस्यमय परिस्थितियों में गायब हुए गोपालदास का जल्द से जल्द पता लगाया जाए।