झूलाघाट (पिथौरागढ़)। भारतीय सीमा से लगे नेपाल के दार्चुला में एक युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। नेपाल प्रहरी ने जांच के बाद एक महिला सहित 10 लोगों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर रही है।
मल्लिकार्जुन गांव पालिका 7 डिन्सी धरमपानी निवासी लक्ष्मण राम टम्टा (40) के गुम होने पर परिजनों ने दार्चुला प्रहरी कार्यालय को सूचना दी। मामले की छानबीन के दौरान एक कमरे में किसी युवक के अचेत पड़े होने की सूचना प्रहरी को मिली। सूचना पर पहुंचे प्रहरी को कमरे में युवक मृत मिला। उसकी शिनाख्त लक्ष्मण राम टम्टा के रूप में हुई। लक्ष्मण गांव के ही महेश पाल के कमरे में आया था।
जिला प्रहरी कार्यालय दार्चुला के सूचना अधिकारी देवेंद्र बुढ़ाथोकी ने बताया कि मृतक के शरीर में नीले निशान और चेहरे पर घाव मिले हैं। मामले में शक के आधार पर एक महिला सहित 10 लोगों को गिरफ्तार किया गया है। उन्होंने बताया कि जिस घर में लक्ष्मण राम की मौत हुई है उसका मकान मालिक महेश पाल फरार है। उसकी खोजबीन की जा रही है। पोस्टमार्टम के बााद शव परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया है।