बंगापानी। कनार मंदिर में लगे मेले में शामिल होकर घर लौट रहे एक युवक की पहाड़ी से गिरे बोल्डर की चपेट में आने से मौत हो गई। जानकारी के मुताबिक बलुवाकोट के पय्यापौढ़ी, गटकूना निवासी 37 वर्षीय दीपक सिंह परिहार पुत्र बहादुर सिंह परिहार बीते बुधवार कनार के कोकिला मंदिर में लगे मेले में शामिल होने गया।
मेले की समाप्ति पर बीते बृहस्पतिवार को वह घर लौट रहा था। इसी बीच पैदल रास्ते पर पहाड़ी से अचानक बोल्डर गिर गया और दीपक इसकी चपेट में आने से घायल हो गया। साथियों ने उसे संयुक्त चिकित्सालय धारचूला पहुंचाया लेकिन चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंपा। शुक्रवार को युवक का स्थानीय घाट पर अंतिम संस्कार किया गया। युवक की मौत से परिजनों में कोहराम है। सीओ केएस रावत ने बताया कि बोल्डर गिरने से युवक की मौत हो गई। संवाद