गंगोलीहाट (पिथौरागढ़)। गंगोलीहाट एसडीएम कोर्ट परिसर में सोमवार को एक युवक ने खुद पर पेट्रोल छिड़ककर आत्मदाह का प्रयास किया। पुलिस की तत्परता से उसकी जान बच गई। इससे पहले उसने उसे रोकने गए पुलिस कर्मियों को कुचलने का प्रयास भी किया। मुकदमा दर्ज करने के बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया है।
गंगोलीहाट विकासखंड के ढनौलासेरा निवासी सौरभ सिंह लंबे समय से राजकीय प्राथमिक विद्यालय बांजड़ में शिक्षक की नियुक्ति और भांग उगाने की शिकायत करते हुए कार्रवाई की मांग कर रहा था। इस मामले को लेकर उसने एक माह पूर्व जिला मुख्यालय धरना भी दिया था। कोई कार्रवाई नहीं होने पर उसने एसडीएम कार्यालय गंगोलीहाट में आत्मदाह करने की चेतावनी दी थी। इसके बाद पुलिस सतर्क हो गई थी।
गंगोलीहाट थाना प्रभारी आकिल सिद्दीकी ने बताया कि सोमवार को ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों ने बेड़ीनाग की ओर से आ रही मारुति कार को दशाईथल में रोकने का प्रयास किया लेकिन चालक ने वाहन रोका नहीं। पुलिस को जैसे ही पता चला कि वाहन को लेकर सौरभ सिंह एसडीएम कार्यालय जा रहा है तो पुलिस की टीम ने उसका पीछा किया और आवाज देकर उसे रोकने का प्रयास किया लेकिन वह नहीं रुका।
उन्होंने बताया कि पुलिस की चीता मोबाइल टीम के विनोद जोशी और मनोज कोहली को फोन कर गंगोलीहाट की ओर आ रही कार को रोकने के लिए कहा गया। इस दौरान तहसील रोड पर एसडीएम आवास परिसर के पास चीता मोबाइल जवानों ने सड़क पर बाइक लगाकर कार को रोकने की कोशिश की, लेकिन कार सवार सौरभ सिंह ने बाइक को टक्कर मारकर पुलिसकर्मियों को कुचलने का प्रयास किया और एसडीएम कोर्ट पहुंच गया। इसके बाद उसने अपने वाहन में रखी बोतल को निकालकर अपने ऊपर पेट्रोल उड़ेल दिया और लाइटर निकालकर खुद को जलाने का प्रयास करने लगा।
इस दौरान पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए उसे पकड़ लिया। इस पर वह पुलिसकर्मियों के साथ धक्कामुक्की कर गालीगलौज करने लगा। पुलिस ने आत्मदाह की कोशिश करने के आरोप में उसके खिलाफ गंगोलीहाट थाने में बीएनएस की धारा 132,281,221, 226, 324(3),352, 351(3) के तहत मुकदमा दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया।
कोट-
- ढनौलासेरा निवासी सौरभ सिंह कुछ मांगों को लेकर एसडीएम कार्यालय गंगोलीहाट में आत्मदाह करने जा रहा था। रोकने पर उसने पुलिसकर्मियों को कुचलने की कोशिश की। उसे पकड़कर बीएनएस की धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। - रेखा यादव, एसपी पिथौरागढ़