मुनस्यारी के खलियाटॉप में स्कीइंग का प्रशिक्षण लेते युवा
- फोटो : अमर उजाला
पंडित नैनसिंह माउंटेनियरिंग संस्थान की ओर से खलियाटॉप में चलाए जा रहे स्कीइंग प्रशिक्षण का समापन बृहस्पतिवार को होगा। देश के विभिन्न प्रांतों से पहुंचे 24 युवाओं को स्कीइंग की बारीकी सिखाई जा रही है। ताजा बर्फ गिरने से बुधवार को खलियाटॉप में स्कीइंग करते समय युवाओं को काफी आसानी हुई।
माउंटेनियरिंग संस्थान की विशेष कार्याधिकारी रीना कौशल धर्मशक्तू ने बताया कि अगले साल प्रशिक्षण कार्यक्रम को व्यापक स्तर पर आयोजित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि खलियाटॉप में अभी काफी बर्फ है। स्थानीय स्तर पर भी प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित करने की अभी पूरी गुंजाइश है। इसके अलावा बेटुलीधार में भी काफी बर्फ गिरी है। हिमाचल से आए प्रशिक्षक गिरीराज, औली के प्रवीण कुमार, आईटीबीपी के लाल सिंह पंचपाल, मोहन सिंह, ध्रुव जोशी, नरेंद्र कुमार ने युवाओं को प्रशिक्षण दिया।
3100 मीटर की ऊंचाई पर स्थित खलियाटॉप में इस बार दिसंबर के अंत में हिमपात हो गया था। खलियाटॉप में बर्फ से ढका दो किलोमीटर लंबा स्लोप है। दिल्ली, महाराष्ट्र, केरल, तमिलनाडु, आंध्रप्रदेश, हरियाणा, यूपी, मध्यप्रदेश और उत्तराखंड के युवा इस प्रशिक्षण में शामिल हुए हैं। समापन मौके पर प्रतिभागियों को प्रमाणपत्र दिए जाएंगे।