पिथौरागढ़। राजकीय बालिका इंटर काॅलेज मूनाकोट में ब्लॉक स्तरीय सीमांत पर्वतीय बाल विज्ञान महोत्सव का समापन हो गया है। इस दौरान बाल वैज्ञानिकों ने जलवायु परिवर्तन, प्राकृतिक जल संसाधन एवं संरक्षण का एकीकरण, सतत भविष्य के लिए एक मार्ग पर विचार रखे।
मुख्य अतिथि डीडीहाट विधायक विशन सिंह चुफाल ने जलवायु परिवर्तन से होने वाली हानियों के बारे में बताया। उन्हाेंने केंद्र सरकार की ओर से जलवायु परिवर्तन को कम करने के लिए किए जा रहे प्रयासों के बारे में जानकारी दी। उन्होंने कहा कि वर्ष 2030 तक इलेक्ट्रिक वाहनों की हिस्सेदारी बढ़ाई जा रही है जिससे कि कार्बन उत्सर्जन कम होने से जलवायु परिवर्तन पर कम असर पड़ेगा। उन्होंने छात्रों के लिए दो-दो लैपटॉप, प्रोजेक्टर और प्रिंटर देने की भी घोषणा की।
इस दौरान आयोजित विज्ञान आधारित मॉडल के जूनियर वर्ग में राउमावि बड़ालू के मयंक कुमार और सीनियर में राइंका क्वीतड़ के हिमांशु रावत, विज्ञान प्रश्नोत्तरी में राइंका टोटानौला के आशीष पुनेठा और राइंका बड़ाबे की रश्मि मेहता, नाटक में राइंका मूनाकोट की टीम, कविता पाठ हिंदी में राइंका मानले की अवंतिका जोशी और राबाइंका मूनाकोट की गुंजन चंद ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। कविता पाठ अंग्रेजी में राबाइंका मूनाकोट की दीपिका और राइंका मायालेख की नव्या चंद ने बाजी मारी। संचालन प्रवक्ता मंजुला पांडेय, माया रावत ने किया। इस मौके पर विज्ञान प्रकोष्ठ के जिला सचिव प्रधानाचार्य मोहन चंद्र पाठक, विज्ञान जिला समन्वयक डॉ. विकास पंत, जीवन चंद्र जोशी, प्रधानाचार्या कनक गैड़ा, ब्लॉक समन्वयक भीम सिंह कार्की, डॉ. दीपक कापड़ी, ललित खोलिया, दीपकराज जोशी आदि मौजूद रहे।