डीडीहाट (पिथौरागढ़)। डीडीहाट के अभिनव पांगती वर्ल्ड ट्रांसप्लांट गेम्स में फुटबाल टीम का नेतृत्व करेंगे। अभिनव बैडमिंटन, रिले रेस, डिस्कस थ्रो, जैवलिन थ्रो में भी प्रतिभाग करेंगे।
इस साल जर्मनी में 17 से 24 अगस्त तक वर्ल्ड ट्रांसप्लांट गेम्स का आयोजन होने जा रहा है। यह आयोजन अंग प्रत्यारोपण प्राप्तकर्ताओं, जीवित दाताओं और उनके परिवारों के बीच शौकिया खेलों को बढ़ावा देता है। इस बार वर्ल्ड ट्रांसप्लांट गेम्स में 60 देशों के तीन हजार खिलाड़ी प्रतिभाग कर रहे हैं।
दिल्ली में हुए ट्रायल में डीडीहाट के अभिनव ने बैडमिंटन, जैवलिन व डिस्कस थ्रो, रिले रेस के अलावा फुटबाल में भी बेहतरीन प्रदर्शन किया था। इंडिया ट्रांसप्लांट गेम्स की कमेटी ने हर खेल के लिए कप्तानों की सूची जारी की है। अभिनव को इंडिया फुटबाल टीम का कप्तान चुना गया है। अभिनव ने सैनिक स्कूल घोड़ाखाल से शिक्षा प्राप्त की है। बैडमिंटन के बाद उनका सबसे पसंदीदा खेल फुटबाल ही है। तीन साल पहले पर्थ में हुए वर्ल्ड ट्रांसप्लांट गेम्स में अभिनव ने पदक जीतकर भारत का नाम रोशन किया था। संवाद
तीन साल तक डायलिसिस में रहे अभिनव
डीडीहाट निवासी अभिनव पांगती की 2016 में दोनों किडनी फेल हो गई थी। वह तीन साल तक डायलिसिस में रहे। इसके बाद अभिनव की बड़ी बहन दीक्षा ने साल 2019 में अपनी एक किडनी अभिनव को दी। उसके बाद से अभिनव ने खेल को ही अपनी दुनिया बना लिया। आज अभिनव तमाम देशों में खेलों में दम दिखाकर देश का नाम रोशन कर रहे हैं। संवाद