पिथौरागढ़। 38 वें राष्ट्रीय खेलों में भाग लेने के लिए प्रदेश भर के मुक्केबाज शटल सेवा से जिला मुख्यालय से स्पोर्ट्स कॉलेज पहुंचेंगे। मुक्केबाजों को खाने में पहाड़ी व्यंजन भी परोसे जाएंगे। नगर के प्रवेश द्वार घाट में खिलाड़ियों का ब्योरा दर्ज होगा। डीएम विनोद गोस्वामी ने यह बात कही। उन्होंने इवेंट मैनेजमेंट कमेटी के साथ बैठक कर राष्ट्रीय खेलों की तैयारियों को लेकर चर्चा की।
कलक्ट्रेट में डीएम विनोद गोस्वामी ने राष्ट्रीय खेलों के तहत इवेंट मैनेजमेंट कमेटी के साथ बैठक की। उन्होंने कहा कि 28 जनवरी से देश भर के मुक्केबाजों का यहां पहुंचना शुरू होगा। सभी मुक्केबाजों, प्रशिक्षकों और ऑफिशियल और सपोर्टिंग स्टाफ को स्पोर्ट्स कॉलेज पहुंचाने के लिए शटल सेवा का संचालन होगा। खिलाड़ियों के मैन्यू में पहाड़ी व्यंजन भी शामिल किए जाएंगे। उन्होंने लोहाघाट में खिलाड़ियों के अल्प विश्राम की व्यवस्था करने के निर्देश जिला पर्यटन अधिकारी को दिए। उन्होंने कहा कि घाट पुल पर हेल्प डेस्क बनेगी और यहां खिलाड़ियों का ब्योरा अपडेट पंजिका में दर्ज होगा। हर खिलाड़ी को पिथौरागढ़ पहुंचने पर वेलकम ब्राउसर से सम्मानित किया जाएगा। बताया कि खिलाड़ियों के ठहरने के लिए नगर के 10 होटलों का अधिग्रहण किया गया है। बैठक में सीडीओ डॉ. दीपक सैनी, जिला क्रीड़ा अधिकारी अनूप बिष्ट सहित अन्य लोग शामिल रहे।