मुनस्यारी के खलियाटॉप में स्कीइंग का प्रशिक्षण लेते युवा
- फोटो : अमर उजाला
खलियाटॉप में मंगलवार सुबह दस बजे तक हिमपात जारी रहा। हिमपात के तुरंत बाद जब स्कीइंग का प्रशिक्षण शुरू हुआ तो युवा खासे उत्साहित हो गए।
पंडित नैनसिंह माउंटेनियरिंग संस्थान की ओर से आयोजित इस प्रशिक्षण में देश के विभिन्न प्रांतों के 24 युवा भाग ले रहे हैं। प्रशिक्षण के लिए विशेषज्ञों को बुलाया गया है। खलियाटॉप में मंगलवार सुबह हिमपात हुआ। जिन इलाकों में बर्फ पिघल रही थी वहां पर फिर से बर्फ जम गई है। बर्फ की परत अब दो फुट मोटी हो चुकी है। खलियाटॉप में पूरा दो किलोमीटर का स्लोप बर्फ से पटा है।
माउंटेनियरिंग संस्थान की विशेष कार्याधिकारी रीना कौशल धर्मशक्तू ने बताया कि ताजा हिमपात के बाद खलियाटॉप में अभी कुछ दिनों तक स्कीइंग प्रशिक्षण आसानी से किया जा सकेगा। उन्होंने कहा कि खलियाटॉप को स्तरीय प्रशिक्षण संस्थान के तौर पर विकसित किया जाएगा और कोशिश की जाएगी कि अगले साल से ज्यादा संख्या में युवा शामिल हों। इस बीच कई युवाओं ने बर्फ में करीब एक किलोमीटर तक स्कीइंग से सफर किया। ढलानों में काफी बर्फ गिरने से स्कीइंग में आसानी हो रही है।
इधर, कुछ साहसिक खेलों से जुड़ी संस्थाएं भी खलियाटॉप में स्कीइंग प्रशिक्षण शुरू करने की तैयारी में हैं। नए सिरे से बर्फ गिरने के बाद नए प्रशिक्षण कार्यक्रमों की तैयारी की जा रही है। बेटुलीधार में भी स्कीइंग लायक बर्फ गिर गई है। स्थानीय युवा बेटुलीधार में प्रशिक्षण लेने के ज्यादा इच्छुक रहते हैं।