डोली के सहारे घायल महिला को सड़क तक लाते गोल्फा के ग्रामीण। स्रोत: ग्रामीण
बंगापानी (पिथौरागढ़)। बंगापानी तहसील के ग्राम सभा गोल्फा निवासी खिला देवी (65) पत्नी लक्ष्मण सिंह मंगलवार सुबह घास काटने के दौरान पैर फिसलने से चट्टान पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गईं। रोड की खस्ता हालत के बीच ग्रामीणों के लिए उनको अस्पताल पहुंचाना बड़ी चुनौती था। ऐसे में गांव वालों ने डंडों पर चादर लपेटकर डोली बनाई और दुर्गम रास्तों से होकर जैसे-तैसे घायल महिला को फर्वेकोट (टांगा) तक ले आए। यहां से टैक्सी कर 115 किलोमीटर दूर जिला मुख्यालय पिथौरागढ़ ले गए। घायल महिला को डोली से सड़क तक पहुंचाने वालों में गोल्फा निवासी डिगर सिंह, जीत सिंह, प्रेम सिंह, संजू तोमक्याल, पदम सिंह, इंद्र सिंह आदि शामिल रहे। इधर, इस दौरान ग्रामीणों ने कहा कि आजादी के इतने वर्षों बाद भी हमारे क्षेत्र की सुध लेने वाला कोई नहीं है। सरकार, जनप्रतिनिधि और शासन-प्रशासन सब सिर्फ आश्वासन देते रहते हैं। संवाद