गणाईगंगोली (पिथौरागढ़)। स्व. नंदन सिंह मेहता मेमोरियल क्रिकेट टूर्नामेंट के फाइनल मुकाबले में वर्ल्ड इलेवन ने गणाई इलेवन को चार विकेट से हराकर ट्राॅफी पर कब्जा जमाया। पहले बल्लेबाजी करते हुए गणाई ने 15 ओवर में 98 रन बनाए। लक्ष्य का पीछा करने उतरी वर्ल्ड इलेवन के बल्लेबाजों ने सूझबूझ से खेलते हुए 14 गेंद शेष रहते जीत पक्की कर ली।
प्लेयर ऑफ द मैच वर्ल्ड इलेवन के पवन और प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट प्रदीप कार्की रहे। प्रदीप ने टूर्नामेंट में 128 रन बनाने के साथ चार विकेट भी लिए। बेस्ट बल्लेबाज वर्ल्ड इलेवन के ही सौरभ और बेस्ट गेंदबाज सूरज रहे। आयोजक कमेटी के अध्यक्ष प्रिंस डोबाल, जसबीर डोबाल, ललित लोहनी ने खिलाड़ियों और सहयोगियों का आभार जताया।
अंपायर सागर पथनी, कैलाश जोशी और स्कोरर अजय डोबाल रहे। आंखों देखा हाल अरुण डसीला ने सुनाया। वहां मुख्य अतिथि पूर्व विधायक मीना गंगोला, विशिष्ट अतिथि भाजपा मंडल अध्यक्ष कैलाश पंत, कनिष्ठ प्रमुख कविता डोबाल, विनोद डसीला समेत क्षेत्र के जनप्रतिनिधि और ग्रामीण मौजूद रहे।