मानस एकेडमी में कार्यशाला का शुभारंभ करते अतिथिगण।
- फोटो : PITHORAGARH
पिथौरागढ़। सामाजिक वैज्ञानिक संस्था लोक संचार एवं विकास समिति और राष्ट्रीय विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी संचार परिषद की ओर से यहां जेबी मेमोरियल मानस एकेडमी में पांच दिवसीय कार्यशाला आयोजित की जा रही है। इसमें तथाकथित चमत्कारों की वैज्ञानिक व्याख्या की जा रही है। इसमें वक्ताओं ने लोगों से चमत्कारों पर विश्वास करने के बजाय वैज्ञानिक सोच विकसित करने को कहा।
मानस एकेडमी के निदेशक डॉ. अशोक कुमार पंत और लोक संचार एवं विकास समिति के अध्यक्ष योगेश भट्ट ने कार्यशाला का शुभारंभ किया। उन्होंने कहा कि अंधविश्वासों की वास्तविकता को समाज के सामने उजागर किया जाना चाहिए। इसीलिए यह कार्यशाला आयोजित की जा रही है। ताकि समाज का नजरिया वैज्ञानिक हो और झूठ का सहारा लेकर स्वयं को सर्वशक्तिमान बताने वाले लोग बेनकाब हो सकें।
भारत सरकार के विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विभाग के नामित विषय विशेषज्ञों राजपाल पांचाल और जितेंद्र भटनागर ने प्रतिभागियों के साथ कई वैज्ञानिक गतिविधियां साझा कीं। कार्यशाला में कार्यशाला में त्रिशूल को जीभ के आर-पार करने की कला दिखाकर उसके रहस्य बताए गए। मंत्र शक्ति से आग जलाने की विधि भी दिखाई गई। प्रधानाचार्य मीनू भट्ट, प्रशासनिक अधिकारी गजेंद्र सिंह बोहरा ने कहा कि लोगों को वैज्ञानिक दृष्टिकोण रखने की जरूरत है।