कनालीछीना में विधायक विशन सिंह चुफाल का घेराव करते लोग।
- फोटो : AMAR UJALA
काम से निकाले गए सीमा सड़क संगठन के मजदूरों ने विधायक विशन सिंह चुफाल से मुलाकात कर विरोध जताया। उन्होंने विधायक चुफाल का घेराव भी किया। चुफाल ने बीआरओ के कमांडिंग आफीसर से बात कर इस मामले को उठाया। कमांडिंग ऑफीसर ने मंगलवार से मजदूरों को काम पर रखने का आश्वासन दिया है।
सड़क चौड़ीकरण के काम में लगे सीमा सड़क संगठन के 24 मजदूरों को सोमवार से काम से हटा दिया गया। इन लोगों ने भ्रमण पर कनालीछीना पहुंचे विधायक का घेराव कर उन्हें काम से हटाने की जानकारी दी। कहा कि सड़क निर्माण में नेपाल और बाहरी प्रदेशों के मजदूरों को रखा गया है। सड़क चौड़ीकरण के काम से स्थानीय लोग प्रभावित हो रहे हैं। उनके खेत, खलिहानों को नुकसान पहुंच रहा है, काम बाहरी मजदूरों को दिया जा रहा है। इस पर विधायक ने बीआरओ के जेई पीएस अनमोल को मौके पर बुलाया। जेई के अनुसार हाईकमान से 24 मजदूर कम करने के निर्देश मिले थे, इसलिए काम से हटाया गया है।
इसके बाद विधायक ने बीआरओ के कमांडिंग ऑफीसर सीपी सिंह से बात की। निकाले गए मजदूरों को काम पर रखने को कहा। विधायक ने नेपाली और बाहरी मजदूरों को बाहर करने को कहा। कमांडिंग ऑफीसर ने मजदूरों को मंगलवार से से काम पर लगाने की बात कही है। विधायक से मिलने वालों में मुकेश कापड़ी, नरेंद्र सिंह, भोला राम, गणेश राम, पुष्कर सिंह, विक्रम सिंह, राजेंद्र भंडारी, नरेंद्र राम, विक्रम राम, भूपाल सिंह, मनोज कुमार, गणेश राम, नवीन कुमार, प्रमोद कुमार, घनश्याम, पंकज कुमार शामिल थे।