बेड़ीनाग (पिथौरागढ़)। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के उच्चीकरण, महाविद्यालय मार्ग और महाविद्यालय खेल मैदान को मिनी स्टेडियम बनाने के मुद्दे पर तीन माह पूर्व लिखित आश्वासन के बावजूद काम शुरू न होने नाराज लोगों ने प्रदर्शन किया। उन्होंने जल्द तीनों मांगों पर काम शुरू न होने पर आंदोलन की चेतावनी दी।
बुधवार को शहीद चौक पर व्यापार संघ अध्यक्ष राजेश रावत के नेतृत्व में काली पट्टी बांधकर विरोध प्रदर्शन किया। पूर्व सैनिक गणेश सिंह रावत ने कहा कि डिग्री कॉलेज रोड का निर्माण नहीं होने से विद्यार्थियों और स्थानीय लोगों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। सीएचसी का उच्चीकरण होने से होने से क्षेत्र के लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं मिलेंगी और गंभीर रूप से बीमार लोगों को दूसरे शहरों की दौड़ नहीं लगानी पड़ेगी। मिनी स्टेडियम बनने से युवा अपनी खेल प्रतिभा निखार सकेंगे।
कहा कि तीन माह पूर्व क्षेत्रवासियों के आंदोलन के बाद संबंधित अधिकारियों, प्रशासन और स्थानीय विधायक ने मांगों का समाधान करने का लिखित आश्वासन दिया था, परंतु अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई है। चेतावनी देते हुए कहा कि तीनों मांगों पर कार्रवाई नहीं होने पर 14 नवंबर से बाजार बंद करने के साथ उग्र आंदोलन शुरू किया जाएगा। प्रदर्शन में व्यापार संघ के जिला उपाध्यक्ष कमलेश पंत, उपाध्यक्ष कमल खाती, महासचिव अमित सस्ते, उप सचिव भगवान कार्की, देवेंद्र कालाकोटी, दीपक धानिक निखिल धानिक, पुष्कर धानिक, मनोज डोबाल, दीप्ति कार्की, होशियार मियान आदि मौजूद रहे।