पिथौरागढ़। डीडीहाट और बाराबीसी में पेयजल संकट से लोग परेशान हैं। गर्मी के मौसम में किसी तरह लोग पेयजल की आपूर्ति कर रहे हैं। ग्रामीणों ने पेयजल संकट से निजात दिलाने की मांग की है। डीडीहाट के दिगौटी गांव में महिलाओं ने खाली बर्तन हाथों में लेकर प्रदर्शन किया।
डीडीहाट विकासखंड के ग्राम पंचायत दिगौटी के बेस तोक में पानी के लिए हाहाकार मचा है। ग्रामीणों का कहना है कि जल जीवन मिशन हर घर नल हर घर जल योजना के तहत गांव में सिर्फ दो पाइप और पुरानी टैंक की मरम्मत की गई है। स्थानीय निवासी लोकेश शर्मा ने कहा कि जल जीवन मिशन योजना से पानी मिलने की उम्मीद थी। योजना की पुरानी लाइन में कुछ नए पाइप डालकर वैसे ही छोड़ दिया गया है। पूर्व जिपं सदस्य जगदीश कुमार ने कहा कि सरकार की जल जीवन मिशन योजना पूरी तरह से फेल हो गई है। इस दौरान ग्रामीणों ने प्रदर्शन कर आक्रोश जताया। प्रदर्शन करने वालों में पुष्पा देवी, अंजली गोस्वामी, कलावती देवी, भागीरथी देवी, ममता देवी, गोदावरी देवी, हरूली देवी, तनिष्का गोस्वामी मौजूद रहीं।
देवलथल बाराबीसी क्षेत्र की 20 ग्राम पंचायतों में पेयजल संकट से लोग परेशान हैं। लोगों का कहना है कि जल जीवन मिशन योजना में करोड़ों रुपये खर्च करके पेयजल योजनाएं बनाई गई हैं। बुंगाछीना,मुसगांव,अलगड़ा, बसौड़ के ग्रामीण टैंकरों से और उसैल, हराली, थांलगांव, अगन्या, लोहाकोट, चौपाता के ग्रामीण नौले और धारों से पेयजल की आपूर्ति कर रहे हैं। लोगों का कहना है कि जल जीवन मिशन योजना पूरी तरह फेल हो गई है। पूर्व जिपं सदस्य जगदीश कुमार ने कहा कि बाराबीसी क्षेत्र में पेयजल का संकट दूर करने और रें जल निगम और जल संस्थान से निर्माणाधीन चंडिकाघाट पंपिंग पेयजल योजना से देवलथल क्षेत्र के गांवों को जोड़ने की मांग की है।
प्राकृतिक जल स्रोतों में कम होने लगा पानी
पिथौरागढ़। लगातार बढ़ रही गर्मी और बारिश के कम होने से प्राकृतिक जल स्रोतों में पानी काफी कम हो गया है। इस कारण ग्रामीण क्षेत्रों में लोगों को दिक्कतें उठानी पड़ रही हैं। लोग सुबह से ही पानी के लिए प्राकृतिक जल स्रोतों में लाइन लगा रहे हैं। संवाद
....................
तड़ाग में पेयजल योजना का कार्य अधूरा छोडऩे पर भड़के ग्रामीण
पेयजल किल्लत से जूझ रहे गांव में जल संस्थान ने टैंकरों से पानी का वितरण शुरू किया
संवाद न्यूज एजेंसी
लोहाघाट (चंपावत)। विकासखंड बाराकोट तड़ाग गांव मेंं हर घर नल हर घर जल योजना अधूरी छोडऩे पर ग्रामीणों ने गहरी नाराजगी जताई है। आक्रोशित ग्रामीणों ने जल्द योजना का कार्य पूरा न करने पर आंदोलन की चेतावनी दी है। ग्रामीण पांच दशक पूर्व बनी जीर्ण पेयजल योजना से प्यास बुझाने को मजबूर हैं। जल संस्थान की ओर से भेजे गए पिकअप वाहन से पानी लेने के लिए लोगों में मारामारी मची हुई है।
ग्राम प्रधान प्रतिनिधि दीपक सिंह बोहरा ने बताया कि गांव के लिए बनने वाली हर घर नल हर घर जल योजना का अधूरी छोड़ दी गई है। जल संस्थान के अधिकारियों से शिकायत करने के बाद भी योजना का काम पूरा नहीं हो रहा है। गांव के लिए पानी खोला से वर्ष 1965 में बनी ग्राम पंचायत की पेयजल योजना बनी हुई है उसी से गांव के लोग अपनी प्यास बुझा रहे हैं। कहा कि पेयजल योजना के स्रोत में भारी कमी आने से गांव में गंभीर पेयजल संकट पैदा हो गया है। इससे गांव के 55 परिवारों को पेयजल समस्या का सामना करना पड़ रहा है। जल संस्थान टैंकरों के जरिए गांव में पेयजल आपूर्ति कर रहा है।
ग्रामीण निर्मल सिंह, मोहन सिंह, जगदीश सिंह, उमेश सिंह, रोहित सिंह,महेश सिंह, सुरेश सिंह,दीपक सिंह,हरीश सिंह ने शीघ्र हर घर नल हर घर जल योजना का कार्य शुरू करने की मांग की है। इधर जल संस्थान के सहायक अभियंता परमानंद पुनेठा ने बताया कि तडाग गांव में योजना के तहत कई घरों में पानी के कनेक्शन दे दिए गए हैं । वर्तमान में कुछ काम रुका हुआ है। पूर्व में हर घर नल हर घर जल योजना के तहत बोरिंग की थी जिसमें पानी नहीं निकला अब दूसरे स्थान पर बोरिंग की जाएगी।