पांखू क्षेत्र में जंगल में दिखा भालू। स्रोत: ग्रामीण
थल (पिथौरागढ़)। पांखू क्षेत्र के चौसाला गांव के जंगल में दोपहर को भालू दिखने से ग्रामीण दहशत में हैं। ग्रामीणों ने वन विभाग से सुरक्षा की गुहार लगाई है। बीते दिन पांखू बाजार से खरीदारी कर लौट रही चौसाला गांव की कला कार्की, सरिता कार्की और अन्य महिलाओं ने दोपहर करीब दो बजे रास्ते से 200 मीटर ऊपर पहाड़ी पर बैठे भालू को देखा। भालू देखते ही महिलाएं भयभीत हो गईं। भालू की नजर से बचने के लिए महिलाएं पेड़ की आड़ में छिप गईं।
काफी देर बाद भालू के घने जंगल की ओर जाने पर उन्होंने राहत की सांस लेते हुए घर को दौड़ लगा दी। गांव पहुंच कर महिलाओं ने आपबीती ग्रामीणों को सुनाई। इस पर ग्रामीण भी दहशत में आ गए। भालू की दहशत से अब महिलाएं और पुरुष बाजार आने से डर रहे हैं। चौसाला गांव के प्रधान सुनील सिंह कार्की ने वन विभाग को इसकी सूचना देकर सुरक्षा की मांग की है।