जिले में रोज मौसम का मिजाज बिगड़ रहा है। बृहस्पतिवार शाम मदकोट के पास जोशा गांव में खेत में काम कर रही एक महिला की बिजली की चपेट में आने से मौत हो गई। जिला मुख्यालय में रात गरज के साथ मूसलाधार बारिश हुई और ओले गिरे। जिला मुख्यालय में सिर्फ एक घंटे के भीतर 20.2 मिलीमीटर बारिश रिकार्ड की गई। डीडीहाट एवं अस्कोट में ओलों की मार से फलों और सब्जियों को भारी नुकसान पहुंचा है।
मदकोट से मिली सूचना के अनुसार जोशा गांव की आनंदी देवी (46) पत्नी भवान सिंह बृहस्पतिवार शाम खेत में काम कर रही थी। तभी खेत के पास स्थित एक पेड़ पर बिजली गिरी। इसकी तेज आवाज से आनंदी देवी बेहोश हो गई। गांव के लोग उसे बेहोशी की हालत में रात में मदकोट अस्पताल ले जा रहे थे, लेकिन उसने रास्ते में दम तोड़ दिया। मृतका की तीन बेटियां और एक बेटा है। परिवार की हालत बेहद खराब है। राजस्व पुलिस ने मौका मुआयना किया और रिपोर्ट तैयार कर तहसील प्रशासन को भेज दी है।
इधर, मौसम विभाग ने संकेत दिया है कि अगले 24 घंटे में कुछ हिस्सों में गरज वाले बादल सक्रिय होंगे और अंधड़ आने की आशंका है। इस बार समय से पहले ही मौसम का मिजाज बिगड़ने से लोग दहशत में हैं। पिछले एक हफ्ते से यहां रोज बारिश हो रही है और ओले गिर रहे हैं। मुनस्यारी के पास पंचाचूली, हंसलिंग, राजरंभा की चोटियों पर लगातार हिमपात हो रहा है।
बारिश से पेयजल सप्लाई में सुधार
पिथौरागढ़। बारिश और ओलों की मार से चाहे फसलों तथा फलों को नुकसान पहुंच रहा हो, लेकिन पेयजल सप्लाई में सुधार आया है। जिला मुख्यालय में ठुलीगाड़ पंपिंग योजना से रोजाना 3.5 एमएलडी पानी की सप्लाई हो रही है। घाट पंपिंग योजना से भी पानी की सप्लाई सामान्य बनी हुई है। जल संस्थान के अधिशासी अभियंता विशाल सक्सेना ने बताया कि यदि समय-समय पर बारिश होती रहे तो पेयजल की किल्लत नहीं होगी।
जंगलों की आग पूरी तरह नियंत्रित
पिथौरागढ़। जिले के जंगलों की आग रोज हो रही बारिश से पूरी तरह नियंत्रित है। वन विभाग को मौसम ने बड़ी राहत दी है। मई में अक्सर जंगलों में आग का खतरा बढ़ जाता था, लेकिन इस बार समय-समय पर हो रही बारिश से यह खतरा टल गया है। ज्यादा बारिश होने से अब जंगलों में नई घास उगने लगेगी। इससे आग का खतरा और कम हो जाएगा। वन विभाग के रेंजर दिनेश चंद्र जोशी ने बताया कि बारिश से काफी राहत मिली है।