पिथौरागढ़। पिथौरागढ़ में अग्निवीर सेना भर्ती रैली शुरू हो गई है। पहले दिन 1218 युवा भर्ती रैली में शामिल हुए जबकि 547 अनुपस्थित रहे। भर्ती को लेकर युवाओं में काफी जोश नजर आया।
सोमवार को जनरल बीसी जोशी आर्मी पब्लिक स्कूल के मैदान में पिथौरागढ़ और चंपावत जिले के युवाओं के लिए अग्निवीर सेना भर्ती शुरू हो गई है। रैली के पहले दिन डीडीहाट और तेजम तहसील के 1765 युवाओं ने पंजीकरण कराया था। इनमें से 1218 उम्मीदवार उपस्थित हुए जबकि 547 युवा अनुपस्थित रहे। एआरओ पिथौरागढ़ के अंतर्गत दो जिलों के 4,681 युवाओं ने अग्निवीर सैनिक सामान्य ड्यूटी, तकनीकी, क्लर्क, एसकेटी, ट्रेड्समैन की विभिन्न श्रेणियों के तहत पंजीकरण कराया है।
बारिश से भर्ती मैदान में हुआ कीचड़
पिथौरागढ़। रविवार को हुई बारिश से जनरल बीसी जोशी आर्मी पब्लिक स्कूल के मैदान में कीचड़ हो गया। इससे सेना भर्ती में शामिल युवाओं को दिक्कतों का सामना करना पड़ा। युवाओं का कहना है कि मैदान में प्रवेश करने के बाद युवाओं को टॉयलेट तक के लिए बाहर नहीं जाने दिया जा रहा है।
रात से ही आर्मी पब्लिक स्कूल के बाहर उमड़े युवा
पिथौरागढ़। अग्निवीर सेना भर्ती रैली के लिए युवा रविवार रात से ही आर्मी पब्लिक स्कूल के बाहर जमा हो गए। अराजकता और अव्यवस्था न फैले, इसके लिए स्थानीय पुलिस बल भी बड़ी संख्या में मौजूद रहा। युवाओं के प्रमाणपत्रों की गहन जांच के बाद उन्हें मैदान में भेजा गया। इसके बाद दौड़ और अन्य शारीरिक गतिविधियां कराई गईं।
आज विण ब्लॉक के युवाओं की होगी भर्ती
पिथौरागढ़। जनरल बीसी जोशी आर्मी पब्लिक स्कूल के मैदान में आज विण ब्लॉक के 2683 युवाओं की भर्ती होगी। सेना भर्ती में युवाओं को गुमराह करने और रुपये देकर भर्ती कराने का लालच देने वाले लोगों पर पुलिस और सेना के जवान नजर बनाए हुए हैं। डीएम ने युवाओं से इन लोगों के झांसे में नहीं आने की अपील की है।