चंपावत। जिलाधिकारी मनीष कुमार की अध्यक्षता में शुक्रवार को कलक्ट्रेट सभागार में जिला टेलीकॉम समिति की समीक्षा बैठक हुई, जिसमें दूरस्थ क्षेत्रों में दूरसंचार सेवाओं को सुदृढ़ करने, भारतनेट योजना की प्रगति व मोबाइल नेटवर्क विस्तार पर चर्चा हुई। जिलाधिकारी ने सीईएल को बूम, मंच और पूर्णागिरि में वायरलेस सेटअप जल्द स्थापित करने के साथ ही एयरटेल-जियो को नेटवर्क विहीन क्षेत्रों में विस्तार के निर्देश दिए। बीएसएनएल के जेटीओ विजय बहादुर ने बताया कि विविल, कलचौड़, ब्रह्मदेव व धरसौ में टावरों का सिविल कार्य पूरा हो चुका है। बैठक में सीडीओ जीएस खाती, बीएसएनएल के डीई आशीष कुमार, एसडीओ सुनील कुमार, जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी देवेंद्र पटवाल, अधिशासी अभियंता यूपीसीएल विजय सकारिया सहित संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।