एनएचपीसी के संविदा मजदूरों का आंदोलन जारी है। शनिवार को भी मजदूरों ने प्रदर्शन किया और मांग पूरी न होने पर उग्र आंदोलन की धमकी दी। एनएचपीसी के संविदा मजदूर सड़क दुर्घटना में मरे दान सिंह के परिजनों को दस लाख रुपये का मुआवजा देने की मांग को लेकर आंदोलन कर रहे हैं। एनएचपीसी के अधिकारियों ने स्पष्ट कर दिया है कि संविदा मजदूर को मुआवजा दे पाना संभव नहीं है, क्योंकि मजदूर की नियुक्ति ठेकेदार के माध्यम से हुई है।
इधर, मजदूरों और एनएचपीसी प्रबंधन के बीच तकरार लगातार बढ़ रही है। शुक्रवार को कुछ मजदूरों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराए जाने से यह मामला और तूल पकड़ रहा है। एनएचपीसी संविदा मजदूर संगठन के अध्यक्ष उदय सिंह ने कहा कि प्रबंधन को मांग पूरी करनी होगी अन्यथा आंदोलन जारी रहेगा। उधर, जिला ट्रेड यूनियन समन्वय समिति के जिलाध्यक्ष दिनेश गुरुरानी ने कहा कि यदि मजदूरों के साथ किसी प्रकार उत्पीड़न की कार्रवाई की गई तो पूरा ट्रेड यूनियन आंदोलन में कूद जाएगा। एक्टू के मुनस्यारी तहसील संयोजक सुरेंद्र बृजवाल ने कहा कि संविदा मजदूरों के आंदोलन को पूरा समर्थन दिया जाएगा। इस मामले में प्रशासन को हस्तक्षेप करना चाहिए और समाधान निकालना चाहिए।